उज्जैन में सोमवार को स्कूल रहेंगे बंद, रविवार को लगेंगी कक्षाएं, सावन में महाकाल सवारी के चलते बदला स्कूलों का टाइमटेबल

उज्जैन में सोमवार को स्कूल रहेंगे बंद, रविवार को लगेंगी कक्षाएं, सावन में महाकाल सवारी के चलते बदला स्कूलों का टाइमटेबल

उज्जैन। श्रावण मास में भगवान महाकाल की सवारी को देखते हुए उज्जैन में स्कूलों के समय-सारणी में बड़ा बदलाव किया गया है। 14 जुलाई से 11 अगस्त तक उज्जैन नगर निगम क्षेत्र के सभी शासकीय और निजी स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे, जबकि रविवार को कक्षाएं संचालित होंगी।

भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम से बचाने की पहल

हर साल महाकाल की सवारी के दौरान शहर में भारी भीड़ उमड़ती है। सवारी मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंधित रहता है, जिससे स्कूल बसों और विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी होती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने पिछले वर्षों की तरह इस बार भी व्यवस्था में बदलाव किया है।

5 सवारी वाले सोमवार को छुट्टी, रविवार को स्कूल खुलेंगे

श्रावण और भादौ मास में भगवान महाकाल की कुल 6 सवारियां निकलेंगी। इनमें से 5 सवारी सोमवार को निकलेंगी। इन सोमवारों को स्कूलों की छुट्टी रहेगी और उसकी भरपाई के लिए एक दिन पहले रविवार को स्कूल खोले जाएंगे।

सवारी तिथि स्कूल व्यवस्था
पहली सवारी 14 जुलाई सोमवार अवकाश, रविवार 13 जुलाई को स्कूल
दूसरी सवारी 21 जुलाई सोमवार अवकाश, रविवार 20 जुलाई को स्कूल
तीसरी सवारी 28 जुलाई सोमवार अवकाश, रविवार 27 जुलाई को स्कूल
चौथी सवारी 4 अगस्त सोमवार अवकाश, रविवार 3 अगस्त को स्कूल
पंचम सवारी 11 अगस्त सोमवार अवकाश, रविवार 10 अगस्त को स्कूल
राजसी सवारी 18 अगस्त स्थानीय अवकाश, रविवार को स्कूल बंद

शिक्षा विभाग करेगा औपचारिक आदेश जारी

उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि महाकाल की सवारी को लेकर पहले जैसे ही व्यवस्था लागू की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इस संबंध में औपचारिक आदेश जल्द जारी किया जाएगा। यह आदेश उज्जैन नगर निगम क्षेत्र के सभी निजी और शासकीय स्कूलों पर लागू होगा।

इन मार्गों से निकलेगी महाकाल सवारी

महाकाल की सवारी शाम 4 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभा मंडप से पूजन-अर्चन के बाद निकलेगी। यह सवारी गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, रामघाट, रामानुजकोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती समाज मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, गुदरी बाजार होते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर वापस पहुंचेगी।

प्रशासन के इस फैसले से भक्तों को सवारी में आसानी से दर्शन करने का अवसर मिलेगा, वहीं स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी ट्रैफिक की समस्या से राहत मिलेगी।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts