PlayBreaking News

Heavy Rain : तीन घंटे की बारिश में डूबा सतना, महापौर निवास के सामने भी भरा पानी

करीब तीन घंटे की झमाझम बारिश से सतना शहर तर-बतर हो गया। शहर के निचले हिस्सों में पानी भी भरने लगा। यहां तक कि महापौर निवास के सामने भी पानी भर गया। उधर, मैहर में भी लगभग डेढ़ घंटे बारिश हुई। यहां एक कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया।  
Follow on Google News
तीन घंटे की बारिश में डूबा सतना, महापौर निवास के सामने भी भरा पानी
सतना जिला अस्पताल के सामने सड़क पर पानी।

सतना/ मैहर। मंगलवार को हुई मानसून की पहली तेज बारिश ने सतना शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की तैयारियों और नगर निगम के दावों की कलई खोलकर रख दी है। करीब तीन घंटे तक झमाझम बरसे पानी के बाद पूरा शहर जलमग्न हो गया। स्थिति यह रही कि जिला अस्पताल, शासकीय कन्या महाविद्यालय (गर्ल्स कॉलेज), मुख्य बस स्टैंड और भरहुत नगर जैसे प्रमुख इलाके पूरी तरह टापू में तब्दील हो गए। इस जलभराव के कारण मरीजों, छात्राओं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई मुख्य सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से ई-रिक्शा सहित कई छोटे वाहन बीच मजधार में फंस गए, जिससे कुछ स्थानों पर वाहनों के पलटने की खबरें भी सामने आईं।

पहली बारिश में ही खुली दावों की पोल

नगर निगम प्रशासन ने मानसून पूर्व नाला सफाई और जल निकासी के पुख्ता इंतजाम होने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन पहली ही बारिश ने निगम की पोल पट्टी खोल दी। हद तो तब हो गई जब शहर के प्रथम नागरिक और महापौर योगेश ताम्रकार के खुद के निवास के सामने की सड़क पानी में डूब गई। सबसे बदतर हालात भरहुत नगर में देखने को मिले, जहां सीवर लाइन के चैंबर फटने से गंदा पानी सड़कों पर उफन पड़ा और सड़क व नाली का अंतर ही खत्म हो गया। लोग अपनी जान जोखिम में डालकर गंदे पानी के बीच से निकलने को मजबूर नजर आए।

ये भी पढ़ें: मप्र में प्रेमिका की हत्या... राजस्थान के दौसा में ले जाकर दफना दिया शव, तीन महीने बाद खुला राज!

चैंबर फटा, बह रहा बदबूदार पानी

नगर निगम टैक्स तो समय पर वसूलता है, लेकिन सुविधाएं शून्य हैं। सीवर चैंबर फटने से सड़कों पर बदबूदार पानी बह रहा है। बच्चों और बुजुर्गों का पैदल निकलना तक दूषित पानी की वजह से दूभर हो गया है। स्मार्ट सिटी के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति की गई है, जिसका खामियाजा आज पूरा शहर भुगत रहा है।

राजेश सिंह, स्थानीय निवासी, भरहुत नगर

मैहर में डेढ़ घंटे की बारिश से जलभराव 

मैहर जिले के अमरपाटन सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। करीब ढाई बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। लगभग डेढ़ घंटे तक हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन कई क्षेत्रों में जलभराव और बिजली बाधित होने से जनजीवन प्रभावित रहा।

/img/89/1782826974183

अमरपाटन के कई मोहल्लों में भरा पानी

अमरपाटन के गांधी चौक, सतना चौराहा और पड़क्का मोहल्ले में सड़कों पर पानी भर गया। बिजली कार्यालय के पास रहने वाली गीता साकेत के कच्चे मकान में घुटनों तक पानी घुस गया, जिससे घर में रखा अनाज और अन्य घरेलू सामान खराब हो गया। तेज बारिश के कारण मकान का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ये भी पढ़ें: मुंबई में हादसा! स्कूल वैन पर गिरा पेड़, एक छात्र की मौत, कई बच्चे घायल

कई इलाकों की बिजली सप्लाई बंद

बारिश के दौरान तेज हवाओं के चलते एहतियात और तकनीकी कारणों से कई इलाकों की बिजली आपूर्ति भी बंद रही। दिन में अंधेरा छाने से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, लेकिन नगर परिषद की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts