मप्र में प्रेमिका की हत्या...राजस्थान के दौसा में ले जाकर दफना दिया शव, तीन महीने बाद खुला राज!

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से तीन महीने पहले लापता हुई एक नाबालिग किशोरी के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस युवक पर अपहरण का संदेह था, उसी ने कथित तौर पर किशोरी की हत्या कर उसका शव राजस्थान के दौसा में जमीन में दफना दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्थानीय प्रशासन और दौसा पुलिस की मदद से जमीन की खुदाई कर करीब तीन महीने पुराना शव बरामद किया। शव पूरी तरह सड़-गल चुका है, इसलिए उसकी पहचान की पुष्टि अब डीएनए जांच के जरिए की जाएगी।
प्रेम संबंध से शुरू हुई कहानी
पुलिस के अनुसार, मुरैना जिले के नगरा थाना क्षेत्र के राजोदा गांव की नाबालिग 28 मार्च 2026 को अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने गांव के ही युवक बृजेश राठौड़ पर अपहरण का मामला दर्ज कराया था। शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई, लेकिन किशोरी के पास मोबाइल नहीं होने से पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं कर सकी। मामले में नया मोड़ तब आया, जब 26 जून को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ने दूसरी शादी कर ली है। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई।
ये भी पढ़ें: शादी बन गई खास : पिता की इच्छा पूरी करने हेलिकॉप्टर से दुल्हन लाया मनीष, स्वागत के लिए पहुंच गया पूरा गांव
पूछताछ में खुला राज
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि दूसरी शादी के बाद नाबालिग उस पर सवाल उठा रही थी और विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, गुस्से में आरोपी ने उसकी हत्या कर दी और शव को राजस्थान के दौसा ले जाकर जमीन में दफना दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तहसीलदार और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुदाई कर कंकालनुमा शव बरामद किया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बृजेश राठौड़ पहले भी एक युवती को भगाने के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद शव की अंतिम पहचान डीएनए परीक्षण से होगी और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हत्या की वजह, आरोपी की कथित स्वीकारोक्ति और अन्य तथ्य अब तक की जांच पर आधारित हैं। मामले की अंतिम सच्चाई न्यायिक प्रक्रिया और वैज्ञानिक जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर: अब 1 अक्टूबर को खुलेंगे मढ़ई के गेट, कोर जोन में जाने पर लगेगी पाबंदी












