Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महू में चुनरी-कलश यात्रा कल, 10 हजार श्रद्धालु होंगे शामिल; भाजपा के दिग्गज नेता भी आएंगे

महू विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस से नाराज होकर निर्दलीय मैदान में उतरे अंतरसिंह दरबार ने दूसरे स्थान पर रहकर अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास कराया था। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए। अब कल बुधवार को भव्य चुनरी और कलश यात्रा के जरिए दरबार एक बार फिर महू में अपनी ताकत दिखाने जा रहे हैं।
महू में चुनरी-कलश यात्रा कल, 10 हजार श्रद्धालु होंगे शामिल; भाजपा के दिग्गज नेता भी आएंगे
महू में चुनरी-कलश यात्रा कल

महू। मां कालिका को चुनरी अर्पित करने के लिए निकाली जा रही इस यात्रा में करीब 10 हजार महिला-पुरुषों के शामिल होने का दावा किया गया है। यात्रा में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यसभा सांसद और भाजपा की राष्ट्रीय सचिव कविता पाटीदार, सांसद सावित्री ठाकुर, जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, विधायक उषा ठाकुर और चिंटू वर्मा सहित जिले के कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

2028 के चुनाव से जोड़कर देखी जा रही यात्रा

दरबार ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के सानिध्य में भाजपा की सदस्यता ली थी। इसके बाद से महू में उनके किसी बड़े शक्ति प्रदर्शन पर नजरें थीं। अब इस भव्य चुनरी एवं कलश यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। महू के राजनीतिक गलियारों में आयोजन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, दरबार का कहना है कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य मां कालिका को चुनरी अर्पित करना और धार्मिक आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को जोड़ना है।

ये भी पढ़ें: सिवनी सीएमएचओ का अजब-गजब कारनामा, एमपीडब्ल्यू को सौंप दिया ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर का प्रभार

20 से अधिक धार्मिक यात्राएं निकाल चुके हैं दरबार

महू में धार्मिक आयोजनों और यात्राओं के मामले में अंतरसिंह दरबार पहले भी सक्रिय रहे हैं। उनके समर्थकों के अनुसार, अब तक 20 से अधिक धार्मिक यात्राएं निकाली जा चुकी हैं। इन आयोजनों में जुटने वाली भीड़ को दरबार के जनाधार के तौर पर देखा जाता रहा है। इस बार भी व्यापक तैयारियां की गई हैं और गांव-गांव तक लोगों को आमंत्रित किया गया है।

Breaking News

दशहरा मैदान से शुरू होगी यात्रा

यात्रा में ग्रामीण क्षेत्रों से महिला-पुरुषों को लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। दशहरा मैदान पर एकत्रीकरण होगा, जहां पांडाल में विश्राम, स्वल्पाहार और भोजन की व्यवस्था की गई है। टीम दरबार के नवीन पटेल ने बताया कि यात्रा कल बुधवार सुबह 10 बजे दशहरा मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सात रास्ता स्थित काली माता मंदिर पहुंचेगी। यहां मां कालिका को चुनरी अर्पित की जाएगी। यात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजकों का दावा है कि यात्रा में करीब 10 हजार श्रद्धालु शामिल होंगे। 

Ankit Rathore
By Ankit Rathore

Latest Posts