Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सतना में सफाई को लेकर नगर निगम सख्त, 46 लोगों से वसूला 9 हजार रुपए जुर्माना

सतना में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए 46 लोगों से 9 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। शराब दुकानों के सामने डस्टबिन रखने के निर्देश भी दिए गए।
सतना में सफाई को लेकर नगर निगम सख्त, 46 लोगों से वसूला 9 हजार रुपए जुर्माना
सतना में सफाई को लेकर नगर निगम सख्त

सतना। शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों और दुकानों के आसपास गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। मंगलवार को निगम की टीम ने 46 लोगों पर जुर्माना लगाते हुए कुल 9 हजार रुपए वसूले। निगम प्रशासन ने साफ किया है कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

टाउन हॉल के सामने 13 लोगों पर कार्रवाई

नगर निगम की टीम ने टाउन हॉल के सामने गंदगी फैलाने वाले 13 लोगों से 3,250 रुपए का जुर्माना वसूला। वहीं, कामता टोला में 7 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1,750 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले 12 लोगों से 4 हजार रुपए वसूले गए। निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।

शराब दुकानों के सामने डस्टबिन रखना अनिवार्य करने के निर्देश

शराब दुकानों के आसपास खाली बोतलों, डिस्पोजल और अन्य कचरे के कारण गंदगी फैलने की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने संबंधित दुकानदारों को दुकानों के सामने डस्टबिन रखने के निर्देश दिए हैं। इससे कचरे को सड़कों पर फेंकने से रोकने और आसपास के क्षेत्रों में सफाई बनाए रखने में मदद मिलेगी।

सतना में समिति प्रबंधक के घर EOW का छापा, आय से ज्यादा संपत्ति की शिकायत पर सुबह 5 बजे से शुरू हुई कार्रवाई

आयुक्त ने सफाई व्यवस्था की समीक्षा की

नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने स्वच्छ भारत मिशन और शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts