Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सड़क जर्जर, गंदगी से हाल बेहाल... सनावद के वार्ड 16 में उतरे लोग, बोले- अब समाधान चाहिए

सनावद के वार्ड 16 में जर्जर सड़क, गंदगी और सूअरों की समस्या से परेशान नागरिकों ने सांकेतिक आंदोलन किया। नगर पालिका प्रतिनिधि ने जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया।

खरगोन/सनावद। नगर के वार्ड क्रमांक 16 के नागरिकों ने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सांकेतिक आंदोलन किया। वार्डवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर नगर पालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में सड़क, सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्या बनी हुई है।

मुख्य सड़क जर्जर होने से परेशानी

आंदोलन के दौरान वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि इंद्र बिरला और विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मी नारायण पटेल को मौके पर बुलाकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। नागरिकों ने बताया कि वार्ड की मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। हालत यह है कि इस मार्ग से पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। वार्डवासियों ने बताया कि यह क्षेत्र की मुख्य सड़क है, इसलिए इसके खराब होने से लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने दरबार कॉलोनी रोड की समस्या भी सामने रखी। वहीं रेवा कॉलोनी के रोड का काम शुरू होने के बाद बीच में रुक जाने की बात भी वार्डवासियों ने प्रतिनिधियों के सामने रखी। उन्होंने बंद पड़े सड़क निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की।

गंदगी और सूअरों की समस्या भी उठाई

वार्डवासियों ने क्षेत्र में गंदगी की समस्या को लेकर भी नाराजगी जताई। नागरिकों का कहना है कि वार्ड में गंदगी के साथ-साथ सूअरों की संख्या भी बढ़ गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और वार्ड में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। नागरिकों ने संबंधित जनप्रतिनिधियों से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान कराने का आश्वासन भी मांगा। वार्डवासियों ने कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो आगे जन आंदोलन किया जाएगा।

Breaking News

एक माह में शुरू होगा सड़क का काम

मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि इंद्र बिरला ने वार्डवासियों को आश्वासन दिया कि कॉलोनी की मुख्य सड़क का काम एक माह के अंदर शुरू कर दिया जाएगा और दो माह के अंदर इसे पूरा किया जाएगा। वहीं कॉलोनी में जो सड़क का काम बंद पड़ा है, उसे भी जल्द शुरू कराने के लिए ठेकेदार को कहा गया। आंदोलन के दौरान नगर पालिका के इंजीनियर शिवा सोलंकी सहित वार्ड निवासी सतीश इंगले, पियुष मंडलोई, अनुराग गांव शिंदे, जय शिंदे, आशीष व्यास, आकाश शिंदे, दिनेश गोलकर सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। वार्डवासियों ने उम्मीद जताई कि दिए गए आश्वासन के बाद क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

Satish Engle
By Satish Engle

Latest Posts