सलमान खान को धमकी देने वाला गिरफ्तार : लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 5 करोड़ की फिरौती मांगने के बाद मांगी थी माफी, जमशेदपुर में बेचता है सब्जी

Follow on Google News
सलमान खान को धमकी देने वाला गिरफ्तार : लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 5 करोड़ की फिरौती मांगने के बाद मांगी थी माफी, जमशेदपुर में बेचता है सब्जी
मुंबई/रांची। सलमान खान को धमकाते हुए 5 करोड़ रुपए की डिमांड करने वाले शख्स को मुंबई की वर्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शेख हुसैन शेख मौसिन (24) को झारखंड के जमशेदपुर से बुधवार (23 अक्टूबर) को हिरासत में लिया। अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया जाएगा। पकड़े गए युवक ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर सलमान को धमकी दी थी। इसके साथ ही पांच करोड़ रुपए की फिरौती भी मांगी थी।

टीवी पर न्यूज देखकर आया ख्याल

पकड़े गए युवक की पहचान 24 वर्षीय शेख हुसैन शेख मौसिन के रूप में हुई है। वो झारखंड के जमशेदपुर का रहने वाला है और सब्जी बेचने का काम करता है। शेख हुसैन शेख मौसिन ने ही पिछले हफ्ते मुंबई ट्रैफिक पुलिस को वॉट्सऐप कॉल करके फिरौती मांगी थी। उसने खुद को लॉरेंस गैंग का मेंबर बताया था। पूछताछ में बताया कि, उसने टीवी पर लॉरेंस बिश्नोई द्वारा सलमान खान की हत्या की धमकी की खबरें देखी थी। जिसके बाद उसे रंगदारी मांगने का ख्याल आया। शख्स ने मुंबई ट्रैफिक पुलिस के वॉट्सऐप नंबर पर धमकी भरा मैसेज भेजने के बाद अपना मोबाइल बंद कर लिया।

धमकी भरे मैसेज में लिखा- इसे हल्के में मत लीजिए…

मैसेज करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताया है। धमकी भरे मैसेज में लिखा था- इसे हल्के में मत लीजिए। सलमान खान को जिंदा रहना है और उसे लॉरेंस से दुश्मनी खत्म करनी है तो उसे 5 करोड़ रुपए देने होंगे। अगर पैसे नहीं दिए गए तो सलमान खान का हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस से शुरू कर दी है।

धमकी देने के बाद मांगी थी माफी

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि, पुलिस ने मैसेज भेजने वाले का पता लगाने के लिए तुरंत जांच शुरू कर दी थी। इसी बीच, मुंबई ट्रैफिक पुलिस को उसी मोबाइल नंबर से एक माफी वाला मैसेज भी मिला। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर को ट्रेस करने की कोशिश की, लेकिन नंबर बंद था। पुलिस को पता चला कि जमशेदपुर से मैसेज आया था, जिसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम भेजी गई।

12 अक्टूबर को हुई थी बाबा सिद्दीकी की हत्या

सलमान के करीबी और NCP नेता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को हत्या कर दी गई थी। जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। लॉरेंस गैंग कई सालों से सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी दे रहा है। ऐसे में बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। Salman Khan Death Threat Update Lawrence Bishnoi Gang Baba Siddique

क्या है लॉरेंस और सलमान के बीच का विवाद

सलमान खान के खिलाफ धमकियों का सिलसिला 1998 में शुरू हुआ, जब हम साथ-साथ हैं की शूटिंग के दौरान काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया। सलमान को इसके लिए जोधपुर कोर्ट ने पांच साल की सजा भी सुनाई थी, हालांकि, बाद में उन्हें इस मामले में बेल मिल गई। बिश्नोई समुदाय इस शिकार को कभी भूल नहीं पाया। इस घटना के समय लॉरेंस बिश्नोई महज पांच साल का था। उसने बॉलीवुड स्टार को अपना मिशन बना लिया और निशाना बनाया। बिश्नोई गिरोह ने समय-समय पर सलमान को जान से मारने की धमकियां दी हैं। लॉरेंस चाहता है कि काले हिरण के शिकार के मामले में सलमान खान बिश्नोई समाज से माफी मांग लें। लॉरेंस इन दिनों गुजरात की साबरमती जेल में बंद है और आए दिन सलमान को जान से मारने की धमकी देता है। अप्रैल 2024 में ही सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट स्थित घर के बाहर गोलीबारी की जिम्मेदारी भी उसकी गैंग ने ही ली थी। ये भी पढ़ें- बाबा सिद्दीकी से भी बुरा हाल होगा… सलमान खान को फिर धमकी, मुंबई पुलिस को मिला मैसेज, लॉरेंस गैंग ने रखी 5 करोड़ की डिमांड
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts