
रीवा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित पारिवारिक सद्भावना जागृति अभियान के तहत मंगलवार को 12 ज्योतिर्लिंग रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, यह अभियान पारिवारिक मूल्यों, संवाद और समन्वय के प्रति लोगों को जागरूक करेगा तथा राष्ट्र और समाज के समग्र विकास को नई दिशा देगा। रथ यात्रा के माध्यम से प्रेम, शांति, विश्व बंधुत्व और नशा मुक्ति का संदेश गांव-गांव पहुंचाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: 27 अप्रैल को महिलाओं के मुद्दों पर मंथन : एमपी विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया, अधिसूचना जारी
बताया गया कि अभियान एक वर्ष तक जिले में संचालित होगा और लोगों को आध्यात्मिक जागरूकता व पारिवारिक सद्भाव के लिए प्रेरित करेगा।कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ब्रह्माकुमारी संगठन के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार रात एक विवाह समारोह में शामिल होने लखनऊ से विमान द्वारा रीवा पहुंचे। वे अपने साले सदानंद यादव के पुत्र प्रभाकर और पूनम के विवाह समारोह में शामिल हुए और नवदंपति को आशीर्वाद देकर सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी समारोह में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रीवा में रात्रि विश्राम किया और मंगलवार सुबह रीवा एयरपोर्ट से तमिलनाडु के कोयंबटूर के लिए रवाना हो गए। जहां वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें: RSS : भागवत बोले- 2000 साल के प्रयोगों के बाद दुनिया दिशाहीन, भारत का ज्ञान ही रास्ता...
रीवा एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह और पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी शामिल रहे। वहीं कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत सिंह चौहान, एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान, प्रभारी कलेक्टर सपना त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारियों ने भी अभिनंदन किया।