Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

श्रीसंत पर KCA ने लगाया 3 साल का बैन : केरल बोर्ड को संजू सैमसन के चयन न होने का दोषी ठहराना पड़ा महंगा!

श्रीसंत पर KCA ने लगाया 3 साल का बैन : केरल बोर्ड को संजू सैमसन के चयन न होने का दोषी ठहराना पड़ा महंगा!
स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत पर केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) ने तीन साल का प्रतिबंध लगा दिया है। अब वे राज्य की किसी भी क्रिकेट गतिविधि में खिलाड़ी या कोच के तौर पर शामिल नहीं हो सकेंगे। यह निर्णय KCA की 30 अप्रैल को हुई जनरल मीटिंग में लिया गया, जिसमें श्रीसंत के टीवी डिबेट में दिए गए विवादित बयान को आधार बनाया गया।

संजू सैमसन के सिलेक्ट न होने का ठीकरा KCA पर फोड़ा

श्रीसंत ने हाल ही में एक टीवी डिबेट में कहा था कि भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय टीम में जगह न मिलने की वजह KCA है। उन्होंने बोर्ड पर सैमसन के करियर को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। श्रीसंत के अनुसार, KCA ने सैमसन को जानबूझकर घरेलू टूर्नामेंट की टीम से बाहर किया, जिससे वे चयन के लिए प्रदर्शन नहीं कर सके।

KCA ने भेजा नोटिस, संजू के पिता भी शामिल

KCA ने इस बयान को गंभीरता से लेते हुए न सिर्फ श्रीसंत को बैन किया, बल्कि उन्हें कानूनी नोटिस भी भेजा है। यही नहीं, संजू सैमसन के पिता विश्वनाथ सैमसन को भी नोटिस भेजा गया है, जिन्होंने बोर्ड पर साजिश का आरोप लगाया था। KCA अब संजू के पिता पर कानूनी कार्रवाई पर भी विचार कर रहा है। इधर, श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी कुमारी ने बताया कि उन्हें अब तक कोई आधिकारिक नोटिस नहीं मिला है। उन्होंने कहा, श्रीसंत सिर्फ अपने साथी क्रिकेटर का समर्थन कर रहे थे। जैसे ही नोटिस मिलेगा, हम उचित जवाब देंगे।

केरल क्रिकेट लीग में टीम मालिक हैं श्रीसंत

भले ही श्रीसंत केरल क्रिकेट लीग की टीम "कोल्लम ऐरीज" के सह-मालिक हैं, लेकिन अब वे किसी भी क्रिकेटिंग गतिविधि का हिस्सा नहीं बन सकेंगे। KCA के अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि श्रीसंत का बयान बोर्ड की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है।

श्रीसंत का क्रिकेट करियर और योगदान

42 वर्षीय श्रीसंत भारत के दो वर्ल्ड कप विजेता स्क्वॉड (2007 T20 और 2011 ODI) का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 27 टेस्ट, 53 वनडे और 10 टी-20 मुकाबले खेले। IPL फिक्सिंग केस में 2012 में BCCI ने उन्हें आजीवन बैन किया था, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने 2013 में हटा दिया था।

KCA पर क्यों भड़के श्रीसंत ?

दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी स्क्वॉड में संजू सैमसन के चयन से पहले KCA ने उन्हें घरेलू टूर्नामेंट की टीम से बाहर कर दिया, जबकि उन्होंने हाल ही में साउथ अफ्रीका में भारत के लिए दो शतक लगाए थे। प्रदर्शन का मौका न मिलने के कारण BCCI ने उन्हें स्क्वॉड में नहीं चुना और ऋषभ पंत को बैकअप विकेटकीपर बनाया गया।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts