जाने-माने फिल्ममेकर एम. एम. बेग अपने घर में मृत पाए गए हैं। उनके निधन की पुष्टि उनके पब्लिसिस्ट हनीफ जावेरी ने की है। एम. एम. बेग की उम्र करीब 70 साल बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एम. एम. बेग लंबे समय से बीमार चल रहे थे। जब वे चार–पांच दिनों तक घर से बाहर नहीं निकले, तो पड़ोसियों को चिंता हुई। घर से बदबू आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दरवाजा खोला, जहां एम. एम. बेग का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने उनकी बेटी को इस बारे में जानकारी दी। रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल ले जाया गया।
हनीफ जावेरी ने बताया कि पुलिस ने सबसे पहले उनकी बेटी को सूचना दी। उन्होंने कहा कि एम. एम. बेग एक बेहद अच्छे और सादगी पसंद इंसान थे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
एम. एम. बेग ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत जे. ओम प्रकाश, विमल कुमार और राकेश रोशन के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में की थी।
उन्होंने गोविंदा की कई फिल्मों में काम किया, जिनमें- आदमी खिलौना है, जैसी करनी वैसी भरनी, कर्ज चुकाना है, काला बाजार और किशन कन्हैया शामिल हैं।
एक स्वतंत्र निर्देशक के रूप में उन्होंने दो फिल्मों का निर्देशन किया। पहली थी मासूम गवाह, जिसमें नसीरुद्दीन शाह नजर आने वाले थे। यह फिल्म अब तक रिलीज नहीं हो पाई। दूसरी फिल्म थी छोटी बहू, जिसमें शिल्पा शिरोडकर ने अभिनय किया था।
एम. एम. बेग कई बड़े प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे। वह मशहूर हिस्टोरिकल ड्रामा रजिया सुल्तान का भी हिस्सा थे। उन्होंने भले ही लाइमलाइट से दूरी बनाए रखी, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में उनकी पहचान बनी रही।
एम. एम. बेग मशहूर चाइल्ड आर्टिस्ट बेबी गुड्डू के पिता थे। 1980 के दशक में बेबी गुड्डू कई फिल्मों में नजर आई थीं। उनका असली नाम शाहिन्दा बेग है।