मयंक तिवारी, जबलपुर। शहर में आधा दर्जन से अधिक अपराधों के साथ करोड़ों रुपए के हवाला घोटाले में शामिल अपराधी सतीश सनपाल आने वाले दिनों में नेटफ्लिक्स के एक रियलिटी शो में दिखने जा रहा है। नेटफ्लिक्स ने हाल ही में ‘देसी ब्लिंग’ नामक इस शो का एक टीजर जारी किया है, जिसमें सतीश को उसकी पत्नी के साथ दिखाया गया है। इस मामले में पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं ताकि चैनल और संंबंधित अधिकारियों तक पूरी जानकारी पहुंच सके।
इस शो में सतीश के जीवन से जुड़ी कई बातों का जिक्र आएगा कि कैसे छोटे से घर से आज करोड़ों के कारोबार तक उसकी पहुंच हुई। जांच एजेंसियों का आरोप है कि यह संपत्ति उसने अवैध सट्टेबाजी और हवाला के रास्ते कमाए गए पैसों से बनाई है। ऐसे में, जहां एक तरफ नेटफ्लिक्स का यह शो सतीश सनपाल को एक सफल और दूरदर्शी कारोबारी के रूप में पेश करने की कोशिश करेगा, वहीं दूसरी तरफ भारत में उसके खिलाफ दर्ज नौ आपराधिक मामले और हवाला कारोबार के आरोप उनकी असलियत बयां कर रहे हैं। यह शो उसके लिए अपनी छवि सुधारने का एक जरिया हो सकता है, लेकिन दर्शकों और जांच एजेंसियों की नजर में वह फिलहाल एक विवादित शख्सियत ही बना हुआ है।
इन्हीं सबके बीच सतीश सनपाल अब नेटफ्लिक्स के आगामी रियलिटी शो 'देसी ब्लिंग' में नजर आएगा। यह शो दुबई में रहने वाले अमीर भारतीयों की चमक-धमक भरी जिंदगी पर केंद्रित है। इस शो के ट्रेलर में सनपाल की पत्नी तबिंदा सनपाल ने एक बयान दिया है जो चर्चा का विषय बना हुआ है। तबिंदा ने बताया कि पति सतीश हर साल उनके लिए 3 किलो सोना खरीदते हैं। अकेले इस सोने की कीमत 4.5 करोड़ रुपए से अधिक होगी। वहीं, सतीश सनपाल की एक और चर्चित बात सामने आई है- पैसा भगवान नहीं है, लेकिन भगवान से कम भी नहीं है । 'देसी ब्लिंग' में सतीश और तबिंदा सनपाल के अलावा एक्टर्स करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश और दुबई के दिग्गज कारोबारी रिजवान सजन भी नजर आएंगे। यह शो दुबई में रहने वाले भारतीय समुदाय के अल्ट्रा-लग्जरी लाइफस्टाइल की झलक पेश करेगा, जहां दिखावा, रिश्तों की कशमकश और शोहरत की होड़ केंद्र बिंदु होगी।
हमें आपसे जानकारी मिली है कि ऐसा कोई शो आने वाला है जिसमें शहर का वांटेड अपराधी दिखने जा रहा है। इस बारे में हम विधि सम्मत जानकारी लेते हुए कार्रवाई करेंगे।
प्रमोद वर्मा, आईजी,जबलपुर जोन मप्र