RSS में होने वाले बदलाव और नए साल के कार्यक्रमों की इंदौर में होगी चर्चा

भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख डॉ. मोहन भागवत एवं सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले दो सप्ताह के अंतराल फिर मध्यप्रदेश प्रवास पर रहेंगे। इस बार संघ ने 3 से 5 अक्टूबर तक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक इंदौर में आयोजित करने का निर्णय किया है। इस बैठक में नए साल की कार्ययोजना, कामकाज की समीक्षा और मार्च में होने वाली प्रतिनिधि सभा के संभावित प्रस्तावों पर विचार मंथन होगा।
विजयादशमी तक चलेंगे शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम
दीवाली के पहले होने वाली संघ की यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम समापन पर हैं। 20 अक्टूबर विजयादशमी तक ये कार्यक्रम चलेंगे। संघ की साल में होने वाली अति महत्वपूर्ण दो बैठकों में अभा कार्यकारी मंडल भी शामिल है। इसमें अभा कार्यकारी मंडल के अधिकारी, क्षेत्रों की कार्यकारिणी और प्रांतों की टोलियां भी शामिल रहेंगीं। इस तरह करीब 46 प्रांतों के पदाधिकारी बैठक में शिरकत करेंगे।
संगठन के ढांचे में होगा बदलाव
शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों के बाद संघ द्वारा लिए गए निर्णयों को लागू किया जाना है। इसके अलावा संगठन के ढांचे में जो बदलाव संबंधी निर्णय लिए गए हैं उन्हें भी जमीन पर उतारा जाएगा। इनमें सबसे महत्वपूर्ण बदलावों में शामिल है प्रांत प्रचारक’ व्यवस्था के स्थान पर संभाग प्रचारक व्यवस्था का लागू किया जाना है। इसे क्रियान्वित करने के पहले एक बार फिर चर्चा की जाएगी।
ये भी पढ़ें: मणिपुर में फिर 6 महीने AFSPA, नागालैंड के 9 जिले भी अशांत क्षेत्र... क्या है नया आदेश?
शाखाओं के विस्तार पर चर्चा
मध्यप्रदेश सहित देश भर में संघ ने शाखाओं के विस्तार का कार्यक्रम हाथ में लिया है। साथ ही उनका टाइम टेबल में भी नए सदस्यों की सुविधानुसार बदलाव के संकेत दिए हैं। संघ ने जुलाई में अपनी कर्नाटक अभा प्रांत प्रचारकों की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और अन्य कार्यक्रमों को लेकर विचार विमर्श किया था।
संघ प्रमुख और सरकार्यवाह दो सप्ताह बाद फिर मप्र प्रवास पर
संघ प्रमुख भागवत और सरकार्यवाह होसबाले दो सप्ताह के अंतराल में दूसरी बार मप्र प्रवास पर आ रहे हैं। संघ प्रमुख डॉ. भागवत 17-19 सितंबर को उज्जैन इंदौर प्रवास पर आए थे। इसी तरह सरकार्यवाह होसबाले भी 19-22 सितंबर तक भोपाल में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। इनमें प्रमुख रूप से शाखा संगम एवं स्वयंसेवक एकत्रीकरण कार्यक्रम थे।
ये भी पढ़ें: स्वामित्व योजना-मप्र हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका, 22 हजार पटवारियों को बनाने होंगे 68 लाख किसानों के दस्तावेज




















