रोहित शर्मा लॉर्ड्स में शतक लगाने वाले पहले भारतीय :इंग्लैंड में कुल आठवां शतक जड़ा, कोहली के साथ रिकॉर्ड 21वीं बार शतकीय पार्टनरशिप की

स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में भारत को 27 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। हालांकि मैच में हार के बावजूद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने 138 रन की शानदार पारी खेलते हुए लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया। इसके अलावा विराट कोहली के साथ उनकी साझेदारी ने भी कई नए कीर्तिमान बनाए।
'क्रिकेट के मक्का' में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बने
रोहित शर्मा ने 110 गेंदों में 138 रन की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही वह लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इससे पहले इस मैदान पर किसी भारतीय का सर्वोच्च स्कोर सौरव गांगुली के नाम 90 रन था। रोहित ने यह रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए भारतीय क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया।
इंग्लैंड में लगाया आठवां शतक, बनाया नया रिकॉर्ड
रोहित शर्मा का यह इंग्लैंड की धरती पर आठवां वनडे शतक था। इसी के साथ वह किसी एक विदेशी देश में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने सचिन तेंदुलकर और पाकिस्तान के सईद अनवर का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने यूएई में 7-7 वनडे शतक लगाए थे। इसके अलावा रोहित 39 साल 80 दिन की उम्र में भारत के लिए वनडे शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बल्लेबाज भी बन गए।
रोहित-कोहली की 21वीं शतकीय साझेदारी
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की। यह दोनों के बीच वनडे क्रिकेट में 21वीं शतकीय साझेदारी रही। इसके साथ ही दोनों वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने वाली दूसरी जोड़ी बन गए। उन्होंने श्रीलंका के कुमार संगकारा और तिलकरत्ने दिलशान की 20 शतकीय साझेदारियों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इस सूची में अब भी सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली 26 शतकीय साझेदारियों के साथ पहले स्थान पर हैं।
लॉर्ड्स में रोहित शर्मा की शतकीय पारी की फोटोज
तीसरे वनडे में विकेट के पीछे शॉट खेलते हुए रोहित शर्मा
110 गेदों में 138 रन बनाने वाले रोहित ने पारी में 17 चौके और 5 छक्के मारे
दूसरे विकेट के लिए रोहित- विराट के बीच रिकॉर्ड शतकीय साझेदारी हु
400 इंटरनेशनल मैच साथ खेलने वाली पहली भारतीय जोड़ी
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। दोनों एक साथ 400 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली पहली भारतीय जोड़ी बन गए। इस दौरान दोनों ने साझेदारी में 8 हजार से ज्यादा रन भी जोड़े हैं, जो भारतीय क्रिकेट में उनकी बेहतरीन समझ और लंबे करियर की गवाही देता है।
शतकीय साझेदारियों में भी बनाया नया मुकाम
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियों का हिस्सा बनने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी रोहित और विराट ने अपनी स्थिति मजबूत की। विराट कोहली अब तक 87 शतकीय साझेदारियों का हिस्सा रहे हैं और इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। वहीं रोहित शर्मा 73 शतकीय साझेदारियों के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस सूची में सचिन तेंदुलकर 99 शतकीय साझेदारियों के साथ पहले स्थान पर हैं।
शार्दूल ठाकुर का बैट लेकर उतरे रोहित
मैच के दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला। रोहित शर्मा अपनी पारी खेलने के लिए शार्दूल ठाकुर का बैट लेकर मैदान में उतरे। मैच के बाद उनकी इस तस्वीर ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। हालांकि भारत मैच और सीरीज नहीं जीत सका, लेकिन रोहित शर्मा की रिकॉर्डतोड़ पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी।











