CG NEWS:बिलासपुर केंद्रीय जेल में फिर कैदी की मौत, एक महीने में चौथी मौत से जेल व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रभात सोनचतरा बिलासपुर। बिलासपुर केंद्रीय जेल में एक बार फिर एक कैदी की मौत होने से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सुविधाएं सवालों के घेरे में आ गई हैं। सीने में दर्द की शिकायत के बाद कैदी को सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिछले एक महीने में यह चौथी मौत है।
सीने में दर्द के बाद बिगड़ी हालत
बिलासपुर केंद्रीय जेल में बंद कैदी प्रभु कुमार मनहर (31) की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। जेल प्रशासन के अनुसार वह पिछले कुछ दिनों से सीने में दर्द की शिकायत कर रहा था। उसकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ने पर पहले जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया, फिर गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक पॉक्सो एक्ट के मामले में काट रहा था सजा
मृतक प्रभु कुमार मनहर, पिता रामकुमार मनहर, पचपेड़ी थाना क्षेत्र के विद्याडीह टांगर का रहने वाला था। वह वर्ष 2024 से केंद्रीय जेल बिलासपुर में बंद था। न्यायालय ने उसे पॉक्सो एक्ट के मामले में 20 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी।
CG NEWS: रायगुड़ा में 7 किमी तक खाट पर ढोया मरीज, सड़क नहीं तो एंबुलेंस भी बेबस
15 जुलाई से चल रहा था इलाज
जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी के मुताबिक प्रभु कुमार मनहर का 15 जुलाई से जेल अस्पताल में उपचार चल रहा था। सोमवार को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत बढ़ने के बाद उसे तत्काल सिम्स भेजा गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
जेल प्रशासन का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक महीने में चौथी मौत
केंद्रीय जेल बिलासपुर में पिछले एक महीने के भीतर यह चौथी मौत है। इस दौरान एक कैदी की हत्या हुई, जबकि तीन अन्य कैदियों की मौत बीमारी, गिरने या अन्य परिस्थितियों में हुई है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद जेल की स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
जेल व्यवस्था की समीक्षा की मांग
लगातार हो रही मौतों के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों पर हैं। वहीं जेल की स्वास्थ्य व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र की व्यापक समीक्षा की मांग भी उठने लगी है।
जेल अधीक्षक ने बताया घटना कारण
जेल अधीक्षक कमलेश माड़वी के अनुसार,आजीवन कारावास के कैदी प्रभु कुमार मनहर को 15 जुलाई को सीने में हल्का दर्द हुआ था। जेल अस्पताल में जांच के बाद उनकी हालत सामान्य होने पर बैरक भेज दिया गया। सोमवार को दोबारा तेज सीने में दर्द और तबीयत बिगड़ने पर जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। मंगलवार को पीएम और पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। जेल प्रशासन ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी।












