PlayBreaking News

सीहोर:सवा लाख महामृत्युंजय मंत्रों से गूंजा गोपेश्वर महादेव मंदिर, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ दिव्य रुद्राभिषेक

सीहोर के गोपेश्वर महादेव मंदिर में सवा लाख महामृत्युंजय मंत्रों के जाप के साथ भव्य रुद्राभिषेक हुआ। नौ से अधिक विद्वान विप्रजनों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया।
Follow on Google News
सवा लाख महामृत्युंजय मंत्रों से गूंजा गोपेश्वर महादेव मंदिर, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ दिव्य रुद्राभिषेक
गोपेश्वर महादेव में भव्य शिव आराधना सम्पन्न

सीहोर। शहर के मुगीसपुर के समीप स्थित श्री राधेश्याम विहार कॉलोनी के गोपेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपरा का अनुपम संगम देखने को मिला। यहां सवा लाख महामृत्युंजय मंत्रों के जाप के साथ भगवान शिव का भव्य रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन संपन्न हुआ। नौ से अधिक विद्वान विप्रजनों ने यज्ञाचार्य पंडित सतीश तिवारी के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कराया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

वैदिक मंत्रों से भक्तिमय हुआ पूरा वातावरण

गोपेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हर-हर महादेव के जयघोष और वैदिक मंत्रों की स्वर लहरियों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। लगातार पांच दिनों तक शिव और शक्ति की विशेष आराधना के बाद सोमवार को अंतिम दिन हवन, पूर्णाहुति और विशेष पूजन के साथ आयोजन का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का दुग्ध, जल, पंचामृत, बेलपत्र एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों से विधि-विधानपूर्वक अभिषेक किया।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर: शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्रों की भूख हड़ताल, बारिश भी रही बेअसर

महामृत्युंजय मंत्र से सकारात्मक ऊर्जा का संदेश

यज्ञाचार्य पंडित सतीश तिवारी ने अपने प्रवचन में कहा कि ईश्वर के अतिरिक्त इस संसार में कोई भी संपूर्ण नहीं है, इसलिए मनुष्य को अहंकार छोड़कर भगवान के नाम का स्मरण, कीर्तन और मानव सेवा में अपना जीवन लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना मनुष्य के भीतर सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक चेतना का संचार करती है। सच्ची भक्ति वही है, जो स्वयं के साथ समाज के जीवन में भी सुख, शांति और सद्भाव का कारण बने।

सावन में रोज होगा विशेष अभिषेक और शिव चालीसा पाठ

संस्कार मंच के संयोजक जितेन्द्र तिवारी ने बताया कि आगामी श्रावण मास में प्रतिदिन प्रातःकाल गोपेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का विशेष अभिषेक, रुद्र पूजन और शिव चालीसा का सामूहिक पाठ नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान शिव की आराधना का पुण्य लाभ लेने की अपील की।

ये भी पढ़ें: VIT IECS 2026: भारत समेत कई देशों के वैज्ञानिक जुटे, सेमीकंडक्टर व AI पर मंथन; 2300 शोध-पत्रों में 232 चयनित

महाआरती और प्रसादी के साथ हुआ समापन

धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। महाआरती के दौरान पूरा मंदिर "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंज उठा। अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि सावन माह में होने वाले नियमित धार्मिक कार्यक्रमों से क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा तथा अधिकाधिक श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति से जुड़ेंगे।

Edited By: Sumit Shrivastava

Sunil Sharma
By Sunil Sharma
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts