वर्दी पहनी, कैमरा ऑन किया और बनाने लगा रील! रीवा पुलिसकर्मी का VIDEO वायरल

रीवा। मध्य प्रदेश में पुलिसकर्मियों के ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया रील बनाने और वर्दी के अनुचित प्रदर्शन को लेकर पुलिस मुख्यालय की ओर से लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसके बावजूद मैदानी स्तर पर ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला रीवा जिले का है, जहां एक आरक्षक का वर्दी पहनकर भोजपुरी और फिल्मी गीत के बोल पर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वर्दी में बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर किया शेयर
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में आरक्षक रंजीत सिंह रावत पुलिस की वर्दी में नजर आ रहा है। वीडियो में वह बैकग्राउंड में बज रहे एक फिल्मी गाने पर अदाकारी करता दिखाई देता है। गाने के बोल को लेकर भी सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वीडियो सार्वजनिक होने के बाद यह तेजी से अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने लगा।
पुलिस की छवि और अनुशासन पर उठे सवाल
पुलिसकर्मियों के लिए वर्दी केवल पहचान नहीं, बल्कि अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक मानी जाती है। ऐसे में वर्दी में सोशल मीडिया के लिए रील बनाए जाने को लेकर विभागीय स्तर पर भी गंभीरता दिखाई जा रही है। इससे पहले भी अलग-अलग जिलों में पुलिसकर्मियों के वर्दी में वीडियो और रील बनाने के मामले सामने आते रहे हैं।
डीजीपी के निर्देशों के बावजूद सामने आया मामला
पुलिस महानिदेशक की ओर से पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया रील बनाने और वर्दी का अनुचित प्रदर्शन करने से बचने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद रीवा का यह मामला सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर मैदानी अमले में इन निर्देशों का कितना पालन हो रहा है।
एसपी ने कही कार्रवाई की बात
रीवा पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरुकरण सिंह ने कहा कि वर्दी में रील बनाए जाने का मामला संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि रील किस परिस्थिति और स्थान पर बनाई गई और इसे सोशल मीडिया पर कब तथा कैसे अपलोड किया गया। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित आरक्षक के खिलाफ विधिसम्मत कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




















