रीवा: रील बनाने के चक्कर में हाईवे पर खतरनाक स्टंट, 60 की रफ्तार में हैंडल छोड़ा

रीवा। वायरल वीडियो में संदीप नाम का युवक स्पोर्ट्स बाइक क्रमांक MP 17 ZL 9475 से रीवा के अलग-अलग मार्गों पर खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है। कभी वह चलती बाइक पर दोनों पैर रखकर सीधा खड़ा होता है, तो कभी अगला पहिया हवा में उठाकर केवल एक पहिए पर तेज गति से बाइक दौड़ाता दिख रहा है।
हाईवे पर बेखौफ स्टंट करता दिखा युवक
वायरल वीडियो में युवक कभी चलती बाइक पर दोनों पैर रखकर सीधा खड़ा होता है, तो कभी अगला पहिया हवा में उठाकर व्हीली करते हुए केवल एक पहिए पर तेज गति से बाइक दौड़ाता नजर आ रहा है। जिस समय ये स्टंट किए जा रहे थे, उसी मार्ग से अन्य चार पहिया और भारी वाहन भी तेज गति से गुजर रहे थे, ऐसे में मामूली चूक भी भीषण सड़क हादसे में बदल सकती थी।
ये भी पढ़ें: पत्नी को युवक के साथ होटल से निकलते देखा तो भड़का पति, सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा, देखें VIDEO
60 की रफ्तार में एक्सीलेटर और हैंडल छोड़ा
एक बेहद हैरान करने वाले वीडियो में युवक करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार में बाइक का एक्सीलेटर और हैंडल दोनों छोड़कर संतुलन साधते हुए चलता दिखाई दे रहा है। स्पोर्ट्स बाइक क्रमांक MP 17 ZL 9475 पर इस तरह स्टंट करते हुए युवक खुलेआम ट्रैफिक नियमों को ठेंगा दिखाता नजर आ रहा है।
इंस्टाग्राम पर अपलोड करता है वीडियो
जानकारी के अनुसार, संदीप इन खतरनाक करतबों के वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करता है और अन्य युवाओं को भी एक पहिए पर गाड़ी चलाने की तकनीक सिखाता नजर आता है। सोशल मीडिया पर इस तरह की गैरकानूनी हरकतों को बढ़ावा देने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
जांच में जुटी पुलिस
एडिशनल एसपी रीवा संदीप मिश्रा ने बताया कि हाईवे या किसी भी सार्वजनिक सड़क पर इस तरह के जानलेवा स्टंट करना पूरी तरह प्रतिबंधित और गैरकानूनी है। वायरल वीडियो और वाहन पंजीयन क्रमांक के आधार पर युवक को चिह्नित किया जा रहा है और मोटर व्हीकल एक्ट तथा संबंधित धाराओं के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




















