Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल:रिटायर्ड महिला जज की बहू ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

भोपाल में रिटायर्ड महिला जज की बहू ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है जिसके बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
रिटायर्ड महिला जज की बहू ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में रिटायर्ड महिला जज की बहू ने मंगलवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि लगातार अपमान और दबाव के चलते महिला डिप्रेशन में थी। पुलिस के मुताबिक 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा कटारा हिल्स इलाके में अपने पति के साथ रहती थी। उसका पति सामर्थ शर्मा पेशे से वकील है जबकि सास रिटायर्ड जज हैं। मृतका मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी और उसकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी।

भाई को फोन कर बताई थी प्रताड़ना की बात

मृतका के भाई मेजर हर्षित ने बताया कि मंगलवार रात ट्विशा ने फोन कर कहा था कि उसका पति पिछले आठ दिनों से लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा है। बात-बात पर अपमानित किया जा रहा था और उसका जीना मुश्किल हो गया था। कुछ देर बाद सास का फोन आया जिसमें बताया गया कि ट्विशा की मौत हो चुकी है और परिवार भोपाल पहुंच जाए। भाई का कहना है कि ट्विशा मायके लौटने के लिए रिजर्वेशन तक करा चुकी थी लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई।

सुसाइड नहीं, कुछ गलत होने का शक

मायके पक्ष ने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उन्हें सिर्फ आत्महत्या की कहानी बताई जा रही है जबकि उन्हें किसी बड़ी साजिश या गलत घटना का शक है। हालांकि पुलिस को घर की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जॉब छोड़ने के बाद बढ़े ताने

मृतका के भाई के मुताबिक शादी के बाद तक ट्विशा नौकरी कर रही थी। जॉब छोड़ने के बाद उसे लगातार नाकारा कहकर ताने दिए जाने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पति आए दिन मारपीट करता था और परिवार को लेकर भी अपमानजनक बातें कही जाती थीं। इससे ट्विशा मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।

ये भी पढ़ें: Aircraft Crashed: बिजली के खंभे से टकराया विमान, गोजुबावी गांव के पास ट्रेनिंग फ्लाइट क्रैश, सुरक्षित बचा ट्रेनी पायलट

अनप्लांड प्रेग्नेंसी को लेकर भी तनाव

परिजनों के मुताबिक मार्च महीने में ट्विशा की अनप्लांड प्रेग्नेंसी हुई थी। वह उस समय बच्चे के लिए तैयार नहीं थी लेकिन ससुराल पक्ष उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव बना रहा था। भाई ने आरोप लगाया कि पति उसे ताने देता था कि बच्चा मेरा नहीं है इसलिए तुम उसे गिराना चाहती हो। इन बातों से ट्विशा और ज्यादा डिप्रेशन में चली गई थी।

ये भी पढ़ें: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला: सीहोर तक पहुंची CBI जांच, छात्र शुभम खैरनार गिरफ्तार, कई नाम आने बाकी

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

कटारा हिल्स पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts