जानलेवा हमले के बाद इस तरह नजर आए ट्रंप, कान पर पट्टी बांधकर पार्टी सम्मेलन में पहुंचे, समर्थकों ने किया शानदार स्वागत

मिलवाउकी। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने ऊपर हुए जानलेवा हमले के दो दिन बाद ‘रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन' (आरएनसी) के पहले दिन सोमवार को अपने दाहिने कान पर पट्टी बांधकर पहुंचे। ट्रंप ने सम्मेलन को संबोधित नहीं किया, लेकिन जब वह मंच से पीछे से सम्मेलन में प्रवेश करते समय स्क्रीन पर नजर आए तो वहां मौजूद लोगों ने तालियों एवं नारेबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया और जब ली ग्रीनवुड ने ‘गॉड ब्लेस द यूएसए' गाना गाया तो सभी भावुक हो गए।
ट्रंप राष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित
‘रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन' में पर्याप्त संख्या में ‘डेलीगेट' के वोट हासिल करने के बाद ट्रंप राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार बन गए हैं। विस्कॉन्सिन के मिल्वॉकी शहर में हुए पार्टी सम्मेलन में ट्रम्प को डेलिगेट्स के 2387 वोट मिले। उम्मीदवार चुने जाने के लिए उन्हें 1215 वोटों की जरूरत थी। इसके कुछ घंटों बाद वह इस सम्मेलन में उपस्थित हुए।ट्रंप ने चुना उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार
ट्रंप ने ओहायो के सीनेटर जेडी वेंस को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार चुना है। रिपब्लिकन पार्टी के चेयरमैन माइकल व्हाटली ने सोमवार को सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में कहा, ‘‘हमें एक पार्टी के रूप में एकजुट होना चाहिए और हमें एक राष्ट्र के रूप में एकजुट होना चाहिए। हमें ट्रंप की तरह ही अपनी ताकत दिखानी होगी और देश को बेहतर भविष्य की ओर ले जाना होगा।''












