Reliance Retail-Anomaly Deal:रिलायंस रिटेल का ब्यूटी सेगमेंट में बड़ा दांव, प्रियंका चोपड़ा का हेयरकेयर ब्रांड एनोमली खरीदा

रिलायंस रिटेल ने 30 अप्रैल 2026 को बड़ा ऐलान करते हुए एनोमली ब्रांड के अधिग्रहण की घोषणा की है। यह ब्रांड प्रियंका चोपड़ा का ग्लोबल हेयरकेयर ब्रांड है। कंपनी ने बताया कि इस डील के तहत एनोमली के ट्रेडमार्क, ब्रांड एसेट्स और डिजिटल प्रॉपर्टीज का अधिग्रहण किया गया है। इस कदम को रिलायंस रिटेल के तेजी से बढ़ते ब्यूटी और पर्सनल केयर पोर्टफोलियो को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

ओमनीचैनल स्ट्रैटेजी के जरिए ग्रोथ पर फोकस
रिलायंस रिटेल इस ब्रांड को अपने बड़े रिटेल नेटवर्क और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए स्केल करने की योजना बना रही है। कंपनी का लक्ष्य ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों चैनल्स (ओमनीचैनल) के माध्यम से एनोमली को तेजी से आगे बढ़ाना है। खासतौर पर Tira प्लेटफॉर्म के जरिए इस ब्रांड को भारत में बड़े स्तर पर पेश किया जाएगा जिससे इसकी पहुंच और तेजी से बढ़ सके।
2021 में शुरू हुआ था ब्रांड
एनोमली की शुरुआत साल 2021 में हुई थी। यह एक क्लीन, वेगन और हाई-परफॉर्मेंस हेयरकेयर ब्रांड है जो किफायती कीमत पर प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराता है। कम समय में ही इस ब्रांड ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत पहचान बनाई है और कई देशों में इसकी मौजूदगी है।
ईशा अंबानी बोलीं-बड़ा रणनीतिक कदम
ईशा अंबानी ने इस डील को कंपनी के लिए रणनीतिक बताया। उन्होंने कहा कि एनोमली को पोर्टफोलियो में शामिल करना नए जमाने के ब्यूटी ब्रांड्स को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रांड की ग्लोबल पोजिशनिंग, क्लीन फॉर्मूलेशन और किफायती कीमत इसे कंपनी के इकोसिस्टम के लिए एक मजबूत जोड़ बनाती है। रिलायंस रिटेल अब अपने नेटवर्क और कंज्यूमर इनसाइट्स के जरिए इस ब्रांड को भारत में तेजी से स्केल करेगी।
ये भी पढ़ें: I-PAC के को-फाउंडर को राहत : मनी लॉन्ड्रिंग केस में विनेश चंदेल को मिली जमानत, ED का ‘नो ऑब्जेक्शन’ बना गेम चेंजर
भारत पर रहेगा फोकस लेकिन ग्लोबल प्लान भी जारी
कंपनी का कहना है कि भारत एनोमली के लिए प्राथमिक बाजार रहेगा। भारतीय उपभोक्ताओं की जरूरतों के हिसाब से प्रोडक्ट इनोवेशन और लोकलाइजेशन पर खास फोकस किया जाएगा। साथ ही ब्रांड अपने अंतरराष्ट्रीय विस्तार को भी जारी रखेगा जिसमें नॉर्थ अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और मिडिल ईस्ट जैसे बाजार शामिल हैं।
प्रियंका चोपड़ा निभाएंगी अहम भूमिका
डील के बाद भी प्रियंका चोपड़ा ब्रांड से जुड़ी रहेंगी और क्रिएटिव डायरेक्टर के तौर पर काम करेंगी। उन्होंने कहा कि Anomaly की शुरुआत एक पर्सनल जर्नी से हुई थी जो अब ग्लोबल ब्रांड बन चुकी है।

रिलायंस रिटेल के साथ यह साझेदारी ब्रांड को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगी।
ये भी पढ़ें: Adani Enterprises Q4: चौथी तिमाही में ₹221 करोड़ का घाटा, रेवेन्यू 20% बढ़ा; नए प्रोजेक्ट्स का पड़ा असर
रिलायंस रिटेल का ब्यूटी सेगमेंट पर बड़ा फोकस
यह अधिग्रहण इस बात का संकेत है कि रिलायंस रिटेल अब ब्यूटी और पर्सनल केयर सेगमेंट में तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। कंपनी पहले से ही बड़े स्तर पर रिटेल और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स चला रही है और अब नए-नए ब्रांड्स को जोड़कर अपने पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है।












