Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जम्मू-कश्मीर में श्रद्धालुओं पर आतंकी हमला : आतंकियों ने बस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग... अनियंत्रित होकर खाई में गिरी; 10 की मौत

जम्मू-कश्मीर में श्रद्धालुओं पर आतंकी हमला : आतंकियों ने बस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग... अनियंत्रित होकर खाई में गिरी; 10 की मौत
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के रियासी में आतंकियों ने श्रद्धालुओं को ले जा रही बस पर हमला कर दिया। घात लगाकर बैठे आतंकियों ने बस के सामने आते ही फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में तीन महिलाओं सहित 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। नई दिल्ली में पीएम मोदी और नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान रियासी जिले के कंदा इलाके में यह अटैक हुआ। इस हमले को लेकर अब राजनीति शुरू हो गई है, समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर तंज कसा है।

उत्तर प्रदेश के हैं ज्यादातर श्रद्धालु

रियासी की SSP मोहिता शर्मा ने हमले की जानकारी देते हुए कहा कि, आतंकियों ने शिव खोड़ी से कटरा जा रही बस पर ओपन फायर किया। इस दौरान गोली लगने से ड्राइवर घायल हुआ और उसका बस से कंट्रोल खो गया। जिसकी वजह से बस खाई में गिर गई। इस हमले में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हो गए। यात्रियों की पहचान नहीं हो पाई है। ज्यादातर श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के हैं।

बस में सवार लोगों ने बताई आंखों देखी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बस में सवार एक पीड़ित ने बताया कि, बस पर 25 से 30 गोलियां चलीं और बस खाई में गिर गई। दूसरे पीड़ित ने बताया कि, उसने लाल मफलर पहने एक नकाबपोश हमलावर को बस पर गोलियां चलाते देखा। अस्पताल में भर्ती बनारस के एक घायल तीर्थयात्री ने कहा कि, हमें शाम 4 बजे निकलना था, लेकिन बस शाम 5.30 बजे निकली और अचानक गोलीबारी होने लगी। आतंकवादी बहुत देर तक बस पर गोलियां बरसाते रहे।

सपा ने कहा- 'सत्ता के जश्न में चूर थे'

सपा मीडिया सेल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- एक तरफ जब भाजपा नेता शपथ ले रहे थे और सत्ता के जश्न में चूर थे तभी उसी वक्त कश्मीर में श्रद्धालुओं की बस जिसमें अधिकतर यात्री यूपी के थे उस पर आतंकी हमला हुआ और 10 मासूमों की जान चली गई क्या इस बार कोई सर्जिकल स्ट्राइक इस पर होगी ? क्या इस आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जायेगा ? या चुनाव हो चुके हैं और सरकार बन चुकी है इसीलिए भाजपा सरकार मामला दबाकर सो जाएगी ? यूपी सरकार सभी यूपी के मृतकों के शव सुरक्षित यूपी वापिस लाए और उनके परिजनों को सौंपे एवं मृतकों के परिजनों को समुचित मुआवजा तत्काल मिले एवं यदि कोई घायल हो तो उसका इलाज ,घर वापसी और उसे भी समुचित मुआवजा मिले।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

Latest Posts