RCB की जीत पर फैंस बेकाबू :बस पर पथराव, पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा

स्पोर्ट्स डेस्क। IPL 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के बाद जहां देशभर में फैंस ने जश्न मनाया, वहीं आंध्र प्रदेश के कर्नूल शहर से परेशान करने वाली तस्वीरें सामने आईं। देर रात सड़कों पर उतरे समर्थकों का जश्न देखते ही देखते बवाल में बदल गया। बड़ी संख्या में युवा झंडे और बैनर लेकर शहर में जुलूस निकालने लगे। कुछ ही देर में भीड़ ने राजू विहार सेंटर के पास सड़क जाम कर दी, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया
निजी बस पर पथराव, यात्रियों में मची दहशत
जश्न के दौरान भीड़ ने एक निजी बस को रोक लिया और उस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में बस के आगे-पीछे के शीशे और साइड की खिड़कियों के कांच टूट गए। अचानक हुए हमले से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यात्री डर के कारण चीखने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस घटना में बस को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: सूर्यकुमार की कप्तानी पर खतरा! वैभव कभी भी टीम इंडिया में मार सकते हैं एंट्री, BCCI ने तैयार की लिस्ट
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात को नियंत्रण में लेने के लिए भीड़ को हटाया और लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा। करीब एक घंटे तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस कार्रवाई के बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई और यातायात बहाल कराया गया।
उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई
कर्नूल पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सख्त चेतावनी जारी की है। अधिकारियों का कहना है कि खेल में जीत का जश्न मनाना गलत नहीं है, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और कानून व्यवस्था बिगाड़ना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने साफ किया है कि उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
CCTV फुटेज से होगी पहचान
कर्नूल सर्कल इंस्पेक्टर के मुताबिक, बस पर पथराव और हुड़दंग करने वालों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वीडियो और फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया जाएगा और जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। RCB की जीत का जश्न जहां लाखों फैंस के लिए खुशी का मौका बना, वहीं कर्नूल में कुछ लोगों की हरकतों ने उत्सव को हिंसा और अव्यवस्था में बदल दिया।











