Shivani Gupta
2 Feb 2026
Garima Vishwakarma
2 Feb 2026
Manisha Dhanwani
2 Feb 2026
Manisha Dhanwani
2 Feb 2026
एंटरटेनमेंट डेस्क। साल 1986 में शुरू हुई और वर्षों तक डिब्बाबंद पड़ी रही मल्टीस्टारर एक्शन फिल्म ‘शहंशाह कौन’ अब आखिरकार दर्शकों के सामने आने को तैयार है। रजनीकांत, शत्रुघ्न सिन्हा, हेमा मालिनी, अनीता राज, अमरीश पुरी और प्रेम चोपड़ा जैसे दिग्गज सितारों से सजी यह फिल्म 37 साल बाद रिलीज होने जा रही है। निर्माता राजा रॉय के मुताबिक, तमाम तकनीकी और समयगत चुनौतियों के बाद इसे मार्च–अप्रैल में रिलीज करने की योजना है।
‘शहंशाह कौन’ की कहानी की शुरुआत साल 1982 में हुई थी। फिल्म की शूटिंग 1986 में शुरू होकर 1989 में पूरी भी हो गई थी, लेकिन निर्देशक राजकुमार कोहली और निर्माता राजा रॉय के विदेश चले जाने के कारण यह फिल्म रिलीज नहीं हो सकी।
जब फिल्म को दोबारा रिलीज करने की कोशिश शुरू हुई, तब सिनेमा पूरी तरह डिजिटल युग में प्रवेश कर चुका था। पुराने फॉर्मेट को नए तकनीकी टूल्स में ढालना बड़ी चुनौती थी। लंबे संघर्ष के बाद कोलकाता और हैदराबाद से टेक्नीशियन बुलाकर फिल्म को नए फॉर्मेट में तैयार किया गया।
फिल्म की कहानी राजस्थान की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां दो राजपूत परिवारों के बीच वर्चस्व की जंग दिखाई गई है। गंगोत्री पर्व के दौरान मंदिर में अमरीश पुरी और सुषमा सेठ आमने-सामने आते हैं। एक ओर अमरीश पुरी अपने बेटे शत्रुघ्न सिन्हा के साथ हैं, तो दूसरी ओर सुषमा सेठ अपने बेटे रजनीकांत के साथ। यहीं से दुश्मनी की चिंगारी भड़कती है।
कहानी में आगे रजनीकांत के हाथों शत्रुघ्न सिन्हा की मौत, जेल और बदले की आग जैसे कई तीखे मोड़ आते हैं। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत रजनीकांत और शत्रुघ्न सिन्हा की ऑनस्क्रीन टक्कर मानी जा रही है। प्रेम चोपड़ा इसमें चालाक मुनीम की भूमिका निभाते हैं, जो दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी को और हवा देता है। हेमा मालिनी और अनीता राज प्रेम चोपड़ा की सौतेली बहनों के रोल में नजर आएंगी।
फिल्म की शूटिंग करीब 18 महीनों तक चली थी। उस दौर में पूरी यूनिट का कॉन्ट्रैक्ट तय समय के लिए होता था। मुंबई के एक्सेल स्टूडियो से लेकर पंचगनी तक शूटिंग की गई, जबकि राजस्थान की भव्यता दिखाने के लिए मुंबई में ही 10 से 12 बड़े सेट लगाए गए थे। निर्माता राजा रॉय के मुताबिक, फिल्म के स्तर से कोई समझौता नहीं किया गया।
फिल्म का संगीत लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल ने तैयार किया है, जबकि गीत आनंद बख्शी ने लिखे हैं। फिल्म में कुल चार गाने हैं, जिनमें कव्वाली, मुजरा और गरबा शामिल हैं। आशा भोसले, सुरेश वाडेकर और कविता कृष्णमूर्ति की आवाजें फिल्म को और खास बनाती हैं।
निर्माता राजा रॉय के अनुसार, फिल्म का स्क्रीनप्ले लगभग तैयार है और डिजिटल दौर के हिसाब से इसे करीब 20 मिनट छोटा किया गया है। फाइनल रनटाइम करीब दो घंटे रहेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर दर्शकों का प्यार मिला, तो ‘शहंशाह कौन पार्ट 2’ पर भी काम किया जा सकता है।