Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राजा रघुवंशी हत्याकांड : जेम्स और बल्लू को कोर्ट से 7 दिन की ट्रांजिट रिमांड, प्रॉपर्टी डीलर और गार्ड पर सबूत छुपाने के आरोप

राजा रघुवंशी हत्याकांड : जेम्स और बल्लू को कोर्ट से 7 दिन की ट्रांजिट रिमांड, प्रॉपर्टी डीलर और गार्ड पर सबूत छुपाने के आरोप

इंदौर। बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच में जुटी मेघालय पुलिस की एसआईटी को बड़ी कामयाबी मिली है। सबूत छिपाने के आरोप में इंदौर से प्रॉपर्टी डीलर शिलोम जेम्स और अशोकनगर से सुरक्षा गार्ड बलवीर अहिरवार उर्फ बल्लू को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को रविवार शाम इंदौर जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 7 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर मेघालय पुलिस के हवाले कर दिया गया।

सोनम का बैग गायब करने का है आरोप

जांच में सामने आया है कि जेम्स और बल्लू पर राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी का वह बैग गायब करने का आरोप है, जिसे उसने वारदात के बाद इंदौर के देवास नाका स्थित एक फ्लैट में छिपाया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस बैग में हत्याकांड से जुड़े अहम सबूत थे, जिसमें पांच लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवरात और एक देशी तमंचा शामिल हो सकते हैं।

जेम्स ने किराए पर दिलाया था फ्लैट

प्रॉपर्टी डीलर जेम्स ने विशाल चौहान को फ्लैट दिलाया था, जो इस केस में पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। 13 जून को जेम्स ने खुद मीडिया के सामने आकर कहा था कि उसने 30 मई को विशाल चौहान को 17,000 रुपए मासिक किराए पर फ्लैट दिलाया था। बाद में, सोनम रघुवंशी इसी फ्लैट में छिपी रही थी और फिर टैक्सी से उत्तर प्रदेश भागकर गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया।

गार्ड पर भी सबूत छिपाने का आरोप

अशोकनगर के शाढ़ोरा थाना क्षेत्र के निवासी बलवीर अहिरवार उसी बिल्डिंग में गार्ड था, जिसके फ्लैट में सोनम रुकी थी। वह बढ़ई का काम भी करता था। पुलिस को शक है कि बलवीर ने बैग गायब करने में जेम्स की मदद की। जेम्स की निशानदेही पर मेघालय पुलिस ने इंदौर के एक खाली प्लॉट से जला हुआ बैग बरामद किया है। इस दौरान वहां से जली हुई सिम और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

दोनों को अब मेघालय ले जाया जाएगा

इंदौर पुलिस अधिकारी राजेश दंडोतिया ने जानकारी दी कि जेम्स और बलबीर को अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिल गया है। सोमवार सुबह दोनों को मेघालय रवाना किया जाएगा। वहां इनसे हत्याकांड से जुड़े सबूतों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

अब तक 7 गिरफ्तार, SIT कर रही गहन जांच

अब तक इस केस में गिरफ्तार लोगों की संख्या 7 हो चुकी है। इससे पहले सोनम रघुवंशी, उसके प्रेमी राज कुशवाह, विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी आरोपी फिलहाल मेघालय की जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts