रायसेन :खड़ी गेहूं की फसल में लगी भीषण आग, 50 एकड़ फसल जलकर राख

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में बुधवार दोपहर खड़ी गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैल गई कि किसानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस आग में करीब 50 एकड़ में लगी फसल जलकर राख हो गई।
आग की लपटों को फैलने से रोकने के लिए किसानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने की कोशिश की। किसानों ने ट्रैक्टर और पेड़ों की टहनियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान एक ट्रैक्टर भी आग की चपेट में आकर जल गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
11 किसानों के खेतों की फसल जली
इस भीषण आग में 11 किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। जिन किसानों को नुकसान हुआ है उनमें दीवान सिंह, अवतार सिंह, बदन सिंह, सुरेंद्र पटेल, रामबाबू पटेल, बहादुर सिंह, संदीप ठाकुर, अतर ठाकुर, गोलू ठाकुर, संजू ठाकुर और ओंकार सिंह शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के अधिकारी और सांची नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे। हालांकि, आग बुझाने के दौरान फायर ब्रिगेड का पानी भी खत्म हो गया, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति और मुश्किल हो गई।
आग लगने के कारणों की जांच
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या नरवाई से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं किसानों ने बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
किसानों को हुआ भारी नुकसान
कटाई से ठीक पहले हुई इस घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। महीनों की मेहनत कुछ ही मिनटों में राख में बदल गई। अब प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और प्रभावित किसानों को मदद देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।











