रायसेन में बाइक सवारों को बचाने में बेकाबू हुई बस, डिवाइडर से टकराई; टला बड़ा हादसा

रायसेन में भोपाल-रायसेन मार्ग पर नीमखेड़ा के पास बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में शक्ति ट्रेवल्स की बस अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप के पास डिवाइडर से टकरा गई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में कुछ यात्रियों और बाइक सवारों को मामूली चोटें आईं, लेकिन कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
रायसेन में शक्ति ट्रैवल्स की बस डिवाइडर से टकरा गई।

रायसेन। भोपाल-रायसेन मार्ग पर नीमखेड़ा के पास रविवार दोपहर करीब 12 बजे उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब भोपाल से रायसेन आ रही शक्ति ट्रेवल्स की बस बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप के पास डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के दौरान बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।

अचानक मोड़ने से डिवाइडर से टकराई

जानकारी के अनुसार बाइक सवार सड़क के दूसरी ओर स्थित पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बस के चालक ने बाइक सवारों को बचाने के लिए बस को पेट्रोल पंप की ओर मोड़ दिया। अचानक मोड़ने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और पेट्रोल पंप के पास लगे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं बाइक सवार भी बस की चपेट में आने से सड़क पर गिर गए।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी

बस के अचानक डिवाइडर से टकराने के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया गया कि बस 50 सीटर थी, लेकिन त्योहार के कारण क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने यात्रियों की मदद की। बाइक सवारों और कुछ बस यात्रियों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

/img/516/1787478883057

पेट्रोल पंप के CCTV में कैद हुई पूरी घटना 

पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सामने आए वीडियो में बस को बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में अचानक मोड़ते और फिर डिवाइडर से टकराते हुए देखा जा सकता है। हादसे का वीडियो सामने आने के बाद घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हुई है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही सेंडोरा चौकी प्रभारी शैलेंद्र दायमा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और बस यात्रियों से घटना की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। पुलिस ने घटना की जानकारी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

समय रहते चालक ने संभाली स्थिति

हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बावजूद किसी बड़ी जनहानि का नहीं होना राहत की बात है। जिस समय दुर्घटना हुई, उस समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। यदि बस डिवाइडर से टकराने के बजाय सड़क किनारे या किसी अन्य वाहन से टकराती, तो हादसा और गंभीर हो सकता था। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। 

Upendra Gautam
By Upendra Gautam

पत्रकार उपेन्द्र गौतम जिला ब्यूरो रायसेन

Latest Posts