Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गायत्री परिवार की जिला स्तरीय बैठक पौधारोपण के साथ सम्पन्न, 50 से अधिक कार्यकर्ता हुए शामिल

रायसेन के बाड़ी में गायत्री परिवार की जिला स्तरीय त्रैमासिक समीक्षा बैठक हुई। 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। विचार क्रांति, युवा सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा हुई।
Follow on Google News

रायसेन में गायत्री परिवार की जिला स्तरीय त्रैमासिक समीक्षा बैठक बाड़ी नगर के चंचल मैरिज गार्डन में आयोजित की गई। बैठक में जिले की नौ तहसीलों से आई समन्वय समितियों के 50 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इसके अलावा उपजोन (संभाग) भोपाल के पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में गायत्री परिवार की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों और नियमित गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस दौरान विचार क्रांति, युवा सहभागिता, भारतीय संस्कृति, नारी जागरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।

विचार क्रांति और समाज उत्थान पर चर्चा

बैठक में शांतिकुंज, हरिद्वार में प्रज्वलित अखंड दीप और वंदनीया भगवती शर्मा के जन्म के 100वें वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की समीक्षा की गई। उपजोन सह समन्वयक सुरेश श्रीवास्तव ने समाज उत्थान से जुड़े कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज निर्माण के कार्यों को ईश्वरीय कार्य मानकर आगे बढ़ाने की जरूरत है। साथ ही युवाओं को प्रेरित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

स्कूलों में संस्कृति ज्ञान परीक्षा की तैयारी

संस्कृति ज्ञान विस्तार के उपजोन प्रभारी रामप्रकाश गुप्ता ने स्कूली विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि आगामी 3 अक्टूबर को प्रदेशभर के स्कूलों में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा आयोजित की जाएगी। बैठक में इस परीक्षा में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की गई। वहीं बबली धाकड़ ने नारी जागरण अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों को और गति देने के लिए आवश्यक प्रयासों की जानकारी दी।

ये भी पढ़ें: 26 अगस्त को नर्मदा लाइनों के लिए 24 घंटे का शटडाउन,20 टंकियों से नहीं होगी सप्लाई

मंडल गठन से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक कार्यों की समीक्षा

बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें मंडल गठन, साहित्य विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, योग और कुरीति उन्मूलन सहित अन्य गतिविधियां शामिल रहीं। जिला सह-समन्वयक बीएस किरार ने बैठक का संचालन किया और जिले में अब तक किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वहीं जिला समन्वयक संतोष धाकड़ ने आगामी लक्ष्यों और उन्हें पूरा करने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।

प्रियंका अवस्थी और नरेश राय को नई जिम्मेदारी

बैठक के दौरान जिले में नए दायित्व भी सौंपे गए। रायसेन की प्रियंका अवस्थी को नारी जागरण अभियान की जिम्मेदारी दी गई। वहीं अमरावद के नरेश राय को जिला स्तरीय साहित्य केंद्र का दायित्व सौंपा गया। बाड़ी नगर के कार्यकर्ता, समाजसेवी और सनशाइन स्कूल के संचालक संदीप श्रीवास्तव ने विचार क्रांति अभियान को सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं तक पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने बैठक में शामिल सभी कार्यकर्ताओं और आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें: Raipur: ATM से पैसे नहीं अब निकलेगा राशन,छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ ‘अन्नपूर्ति ग्रेन ATM'

मंत्रोच्चार के साथ 50 से अधिक पौधों का रोपण

बैठक के समापन के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने सनशाइन स्कूल परिसर में मंत्रोच्चार के साथ 50 से अधिक फलदार और उपयोगी पौधों का रोपण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज निर्माण के संकल्प को दोहराया। पौधरोपण के जरिए पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Buddhi Sharma
By Buddhi Sharma

Latest Posts