रेलवे कर्मचारियों को हर ट्रेन में नहीं मिलती मुफ्त यात्रा :जानिए किन ट्रेनों में पास मान्य और कहां खरीदना पड़ता है टिकट

अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि क्या रेलवे कर्मचारी देश की किसी भी ट्रेन में बिना टिकट मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। इसका जवाब नहीं है। रेलवे कर्मचारियों को यात्रा के लिए पास की सुविधा जरूर मिलती है, लेकिन यह सुविधा सभी ट्रेनों पर लागू नहीं होती। हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में रेलवे कर्मचारियों को मिलने वाली पास सुविधा और उससे जुड़े नियमों की जानकारी दी।
रेलवे कर्मचारियों को कौन-कौन से पास मिलते हैं?
रेलवे सर्वेंट्स (पास) रूल्स, 1986 के तहत कर्मचारियों को अलग-अलग तरह के पास दिए जाते हैं। इनमें प्रिविलेज पास, ड्यूटी पास और रिटायरमेंट के बाद मिलने वाला कॉम्प्लिमेंट्री पास शामिल हैं। इन पास का लाभ कर्मचारी के साथ उनके पात्र परिवार के सदस्य भी उठा सकते हैं। हालांकि, यात्रा की श्रेणी और सुविधा कर्मचारी के पद, पे-लेवल और पात्रता के अनुसार तय होती है।
किन ट्रेनों में पास से कर सकते हैं यात्रा?
रेलवे कर्मचारियों का पास कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों में मान्य होता है। इनमें शामिल हैं—
- वंदे भारत एक्सप्रेस
- राजधानी एक्सप्रेस
- शताब्दी एक्सप्रेस
- दुरंतो एक्सप्रेस
- हमसफर एक्सप्रेस
- गतिमान एक्सप्रेस
रेलवे के अनुसार, वंदे भारत और गतिमान एक्सप्रेस को शताब्दी श्रेणी की ट्रेनों के समान माना गया है। हालांकि, हर कर्मचारी को सभी क्लास में यात्रा की अनुमति नहीं होती। यह उनके पद और पात्रता के आधार पर तय किया जाता है।
किन ट्रेनों में पास नहीं चलेगा?
रेलवे की पास सुविधा लग्जरी और पर्यटन आधारित ट्रेनों पर लागू नहीं होती। ऐसे में रेलवे कर्मचारियों को भी इन ट्रेनों में यात्रा करने के लिए सामान्य यात्रियों की तरह टिकट खरीदना पड़ता है।
इन ट्रेनों में पास मान्य नहीं है
- महाराजा एक्सप्रेस
- पैलेस ऑन व्हील्स
- इन ट्रेनों का संचालन मुख्य रूप से आईआरसीटीसी और राज्य पर्यटन विकास निगम जैसी एजेंसियां करती हैं। इसलिए इनके लिए रेलवे कर्मचारियों को कोई विशेष यात्रा छूट नहीं मिलती।
PTO पर कितना किराया देना पड़ता है?
रेलवे कर्मचारियों को प्रिविलेज टिकट ऑर्डर (PTO) की सुविधा भी मिलती है। इसके तहत कर्मचारी को पूरा किराया नहीं देना होता, बल्कि यात्रा किराए का लगभग एक-तिहाई हिस्सा ही भुगतान करना पड़ता है। बाकी राशि में रेलवे की ओर से रियायत दी जाती है।
क्या कहते हैं रेलवे के नियम?
रेलवे का कहना है कि कर्मचारियों को केवल उन्हीं ट्रेनों में पास सुविधा मिलती है, जो रेलवे सर्वेंट्स (पास) रूल्स के तहत शामिल हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि वे देश की हर ट्रेन में मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। खासकर लग्जरी और टूरिस्ट ट्रेनों में उन्हें भी सामान्य यात्रियों की तरह पूरा टिकट खरीदकर सफर करना पड़ता है। इसलिए रेलवे पास एक सीमित सुविधा है, जिसका उपयोग तय नियमों और पात्रता के अनुसार ही किया जा सकता है।











