Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पाकिस्तान की गोलाबारी से प्रभावित पुंछ के लिए राहत पैकेज की मांग, राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

पाकिस्तान की गोलाबारी से प्रभावित पुंछ के लिए राहत पैकेज की मांग, राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी से प्रभावित जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले और सीमावर्ती अन्य क्षेत्रों के लिए राहत और पुनर्वास पैकेज की मांग की है। उन्होंने पत्र में जोर देते हुए लिखा कि इन इलाकों में दशकों से लोग शांति और भाईचारे के साथ रहते आए हैं और आज जब वे एक गहरे संकट से गुजर रहे हैं, तो देश का नैतिक दायित्व बनता है कि उन्हें हर संभव सहायता दी जाए।

पुंछ दौरे के बाद राहुल ने उठाई आवाज

राहुल गांधी ने हाल ही में पुंछ का दौरा किया था, जहां उन्होंने गोलाबारी के पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सेना द्वारा की गई इस अंधाधुंध गोलीबारी में 4 बच्चों समेत 14 लोगों की जान चली गई और दर्जनों नागरिक घायल हो गए। साथ ही, सैकड़ों घर, दुकानें, स्कूल और धार्मिक स्थल पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। पीड़ितों ने बताया कि उनकी सालों की मेहनत एक पल में राख हो गई।

बहादुर नागरिकों की पीड़ा को समझे सरकार

राहुल गांधी ने पत्र में लिखा, "इन क्षेत्रों में रहने वाले लोग दशकों से देश की सीमाओं की रक्षा में सहयोग कर रहे हैं। वे सच्चे देशभक्त हैं। अब जब वे संकट में हैं, तो हमारा कर्तव्य है कि हम उनकी पीड़ा को समझें और उनके जीवन को दोबारा खड़ा करने के लिए ठोस और उदार राहत पैकेज प्रदान करें।"

सोशल मीडिया पर भी राहुल ने जताई संवेदना

पुंछ दौरे के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने लिखा, "पुंछ में उन परिवारों से मुलाकात की जो पाकिस्तानी गोलाबारी में अपने प्रियजनों को खो चुके हैं। बिखरे घर, टूटी चीजें, नम आंखें और दर्दभरी कहानियां हर बार ये देशभक्त परिवार युद्ध का सबसे बड़ा बोझ सहते हैं। इनकी बहादुरी को सलाम।"

केंद्र सरकार से ठोस राहत नीति की मांग

राहुल गांधी ने भारत सरकार से आग्रह किया कि वह तत्काल प्रभाव से एक राहत और पुनर्वास नीति तैयार करे, जिसमें पीड़ित परिवारों को मुआवजा, आवास सहायता, पुनःस्थापन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं शामिल हों। उन्होंने इसे एक मानवीय और राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताया। ये भी पढ़ें- स्पिरिट कंट्रोवर्सी के बीच अजय देवगन ने दीपिका को किया सपोर्ट, बोले- ईमानदार फिल्ममेकर्स को 8 घंटे की शिफ्ट से नहीं होती परेशानी
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...

Latest Posts