चंडीगढ़ में पिटाई का बदला लेने के लिए मर्डर! मंदिर के बाहर ऑटो पर बरसाईं गोलियां, छात्र की मौत

चंडीगढ़ के सेक्टर-22बी में सनातन धर्म मंदिर के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने ऑटो में बैठे युवकों पर गोलियां चला दीं। इस वारदात में छात्र नैतिक की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक घायल हो गया। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया पर पिटाई का वीडियो वायरल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।
चंडीगढ़ में पिटाई का बदला लेने के लिए मर्डर! मंदिर के बाहर ऑटो पर बरसाईं गोलियां, छात्र की मौत
चंडीगढ़ में फायरिंग से छात्र की मौत

चंडीगढ़। शहर के सेक्टर-22बी में गुरुवार रात हुई गोलीबारी ने इलाके में दहशत फैला दी। सनातन धर्म मंदिर के बाहर ऑटो में सवार युवकों पर बाइक से आए हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से छात्र नैतिक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना में ऑटो चालक सिकंदर पासवान भी घायल हुआ, जिसका इलाज चल रहा है। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। पुलिस CCTV और डैशकैम फुटेज की मदद से घटना की जांच कर रही है।

मंदिर के बाहर अचानक चलीं गोलियां, मची अफरा-तफरी

सेक्टर-22बी स्थित सनातन धर्म मंदिर के बाहर गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार दो युवकों ने ऑटो में बैठे लोगों पर गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की और फिर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास मौजूद लोग घबरा गए। गोली लगने से नैतिक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। ऑटो चालक सिकंदर पासवान के कंधे में भी गोली लगी। घायल चालक का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

SBI डेटा लीक: क्या बैंक खाते भी हो गए हैक? जानिए ग्राहकों को कितना खतरा

पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी दुश्मनी?

पुलिस की शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना से करीब एक घंटे पहले सेक्टर-34 में नैतिक और उसके एक दोस्त का कथित तौर पर दूसरे नाबालिग से झगड़ा हुआ था। आरोप है कि इस दौरान उसकी पिटाई की गई और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथियों को बुलाया और बाद में नैतिक का पीछा किया। हालांकि, विवाद की असली वजह और सोशल मीडिया वीडियो की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।

बाइक से पीछा कर ऑटो पर की फायरिंग

नैतिक अपने दोस्त के साथ ऑटो में बैठकर सेक्टर-34 से सेक्टर-22 स्थित घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। घर के पास पहुंचने पर खतरा महसूस होने के बाद ऑटो चालक को वाहन तेज चलाने के लिए कहा गया। आरोप है कि पीछा कर रहे युवकों ने ऑटो पर तीन गोलियां चलाईं। एक गोली चालक के कंधे को घायल करते हुए आगे के शीशे से निकल गई, जबकि दूसरी नैतिक की छाती में लगी। इस हमले के बाद आरोपी फरार हो गए।

CCTV और डैशकैम फुटेज से मिली मदद

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने डैशकैम फुटेज और चश्मदीदों से मिली जानकारी के आधार पर एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से कथित तौर पर .32 बोर की पिस्टल भी बरामद की गई है। मामले में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हथियार आरोपी तक कैसे पहुंचा और वारदात में अन्य लोग शामिल थे या नहीं।

PNB की करेंसी चेस्ट में मिले 17.29 करोड़ के नकली नोट, NIA ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं की जांच

पुलिस स्कूल के समय से चले आ रहे विवाद, सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करने और दूसरे संभावित कारणों की जांच कर रही है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts