PlayBreaking News

‘ये उपदेश नहीं, सरकार की नाकामी है…’PM मोदी की ‘7 अपीलों’ पर राहुल गांधी का हमला, बोले- पीएम से अब देश नहीं संभल रहा

पीएम नरेंद्र मोदी की सोना न खरीदने, पेट्रोल बचाने और विदेश यात्रा टालने की अपील पर राहुल गांधी ने तीखा हमला बोला। राहुल ने कहा कि ये उपदेश नहीं, सरकार की नाकामी के सबूत हैं। जानिए पूरा विवाद और विपक्ष की प्रतिक्रिया।
Follow on Google News
PM मोदी की ‘7 अपीलों’ पर राहुल गांधी का हमला, बोले- पीएम से अब देश नहीं संभल रहा

नई दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनता से की गई अपीलों ने देश की राजनीति गरमा दी है। पीएम मोदी ने लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने, पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने, विदेश यात्राएं टालने और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की अपील की थी। अब कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इन अपीलों पर तीखा हमला बोला है।

राहुल गांधी ने कहा कि, ये सलाह या उपदेश नहीं, बल्कि सरकार की नाकामी के सबूत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार सरकार अपनी जिम्मेदारी जनता पर डाल देती है ताकि खुद जवाबदेही से बच सके।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, मोदी जी ने कल जनता से त्याग मांगे- सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो। ये उपदेश नहीं- ये नाकामी के सबूत हैं। 

उन्होंने आगे कहा कि, पिछले 12 साल में देश को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया है जहां जनता को यह बताया जा रहा है कि क्या खरीदना है और क्या नहीं, कहां जाना है और कहां नहीं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए लिखा, हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि खुद जवाबदेही से बच निकलें। देश चलाना अब Compromised PM के बस की बात नहीं।

Twitter Post

पीएम मोदी ने क्या अपील की थी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तेलंगाना के सिकंदराबाद और हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान देशवासियों से कई अपीलें की थीं। उन्होंने कहा था कि, पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक संकट के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है और भारत जैसे देश पर इसका असर ज्यादा पड़ता है क्योंकि देश के पास बड़े तेल भंडार नहीं हैं। पीएम मोदी ने कहा था कि, विदेशी मुद्रा बचाने और देश को आर्थिक संकट से बचाने के लिए लोगों को कुछ समय तक संयम बरतना चाहिए।

पीएम मोदी की 7 बड़ी अपीलें

1. पेट्रोल और डीजल कम इस्तेमाल करें

पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को अनावश्यक वाहन उपयोग कम करना चाहिए ताकि ईंधन की बचत हो सके।

2. वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा दें

उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि, ऑनलाइन मीटिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंस और वर्क फ्रॉम होम जैसे तरीकों को फिर से अपनाने की जरूरत है।

3. मेट्रो और कारपूलिंग का ज्यादा इस्तेमाल

प्रधानमंत्री ने लोगों से निजी वाहनों की जगह मेट्रो और कारपूलिंग को प्राथमिकता देने की अपील की।

4. खाने के तेल का उपयोग कम करें

उन्होंने कहा कि अगर हर परिवार खाने के तेल की खपत थोड़ी कम कर दे तो इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और लोगों की सेहत भी बेहतर होगी।

5. रासायनिक खाद का इस्तेमाल घटाएं

पीएम मोदी ने किसानों से प्राकृतिक खेती की ओर तेजी से बढ़ने और रासायनिक उर्वरकों की खपत कम करने का आह्वान किया।

6. विदेश यात्राएं टालें

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ समय के लिए शादियों, छुट्टियों और अन्य कारणों से होने वाली विदेश यात्राएं टालना देशहित में होगा।

7. एक साल तक सोना न खरीदने की अपील

पीएम मोदी ने कहा कि सोने के आयात पर भारी विदेशी मुद्रा खर्च होती है, इसलिए लोगों को एक साल तक सोना खरीदने और दान करने से बचना चाहिए।

PM Modi

क्यों की गई ये अपील?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य पर बढ़ते संकट के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे पेट्रोल-डीजल और उर्वरकों की कीमतों में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि, सरकार लोगों को इस वैश्विक संकट से बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन देशवासियों को भी सहयोग करना होगा। पीएम मोदी ने कहा था, हमें हर हाल में विदेशी मुद्रा बचानी होगी। देशहित में कुछ समय के लिए त्याग और अनुशासन जरूरी है।

अखिलेश यादव ने भी साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी पीएम मोदी की अपीलों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही सरकार को संकट याद आ गया। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि, अगर इतनी पाबंदियां लगानी पड़ रही हैं तो पंच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का दावा कैसे पूरा होगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, जनता तो वैसे भी सोना नहीं खरीद पा रही है, जबकि भाजपा नेताओं पर काली कमाई को सोने में बदलने के आरोप लगाए।

Breaking News

विपक्ष ने उठाए आर्थिक हालात पर सवाल

विपक्षी दलों का कहना है कि सरकार की अपीलें इस बात का संकेत हैं कि देश आर्थिक दबाव में है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार विदेश नीति और आर्थिक मोर्चे पर विफल रही है। वहीं भाजपा का कहना है कि, वैश्विक संकट के दौर में प्रधानमंत्री ने देशहित में जिम्मेदार नागरिक व्यवहार की अपील की है और इसे राजनीति से जोड़ना गलत है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts