दिल्ली चुनाव में AAP की हार क्यों हुई ?पार्टी बदलते ही राघव चड्ढा का बड़ा बयान

बीजेपी में शामिल होने के बाद राघव चड्ढा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल का आलीशान बंगला पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बड़ा कारण बना। जानें पूरा मामला और क्या बोले चड्ढा।
पार्टी बदलते ही राघव चड्ढा का बड़ा बयान

राजनीति में जब कोई बड़ा नेता पार्टी बदलता है, तो उसके बयान भी सुर्खियां बन जाते हैं। कुछ ऐसा ही हुआ जब राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामा। बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने पहली बार खुलकर आम आदमी पार्टी की हार पर बात की और दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। राघव चड्ढा ने कहा कि पार्टी की हार के पीछे कई कारण हो सकते हैं, लेकिन सबसे बड़ा कारण अरविंद केजरीवाल का चर्चित आलीशान बंगला रहा, जिसने जनता के बीच गलत संदेश दिया।

'आलीशान बंगले'ने बिगाड़ी पार्टी की छवि

राघव चड्ढा ने अपने बयान में कहा कि जब अरविंद केजरीवाल का पहला आलीशान बंगला सामने आया था, उसी समय पार्टी की छवि को बड़ा नुकसान हुआ था। उनके अनुसार आम आदमी पार्टी खुद को आम लोगों की पार्टी बताती रही, लेकिन इस तरह की खबरों ने जनता के बीच भरोसा कम किया। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि जब पहला आलीशान बंगला बना, तभी पार्टी की छवि तार-तार हो गई थी और यही दिल्ली चुनाव में हार के बड़े कारणों में से एक बना।

'बंगला पार्ट-2' पर भी उठाए सवाल

राघव चड्ढा यहीं नहीं रुके। उन्होंने हाल ही में सामने आई दूसरी बंगले की तस्वीरों का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव खत्म हुए अभी ज्यादा समय भी नहीं हुआ और दूसरा आलीशान बंगला बनकर तैयार हो गया। उन्होंने कहा कि आज जो तस्वीरें सामने आई हैं, उसमें बंगला बेहद आलीशान नजर आ रहा है। ऐसे में जनता के बीच क्या संदेश जाएगा, यह आम आदमी पार्टी को सोचना चाहिए।

ये भी पढ़ें: कौन हैं अशोक कुमार लाहिड़ी, जो हाल ही में बने नीति आयोग के उपाध्यक्ष? जानें अनुभव और पूरा प्रोफाइल

आम आदमी पार्टी को दी आत्ममंथन की सलाह

राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी को सलाह देते हुए कहा कि उसे इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उनके अनुसार पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए अब जनता के सवालों का जवाब देना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जब गली-मोहल्लों में लोग कार्यकर्ताओं से बंगले को लेकर सवाल करेंगे, तो वे क्या जवाब देंगे? आम आदमी पार्टी को इस पर गंभीरता से सोचना चाहिए।

Breaking News

BJP में शामिल होने के बाद बदला रुख

गौर करने वाली बात यह भी है कि राघव चड्ढा पहले आम आदमी पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल थे और पार्टी की नीतियों का बचाव करते थे। लेकिन बीजेपी में शामिल होने के बाद उनके बयान का रुख पूरी तरह बदल गया है। अब वे खुलकर पार्टी की कमियों और फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं, जिससे राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts