Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कतर में आज अमेरिका- ईरान की बातचीत..!तेहरान ने खारिज किए ट्रंप के दावे, जानें कौन करेगा अमेरिका का प्रतिनिधित्व?

17 जून को अमेरिका और ईरान के बीच 14 सूत्रीय प्रारंभिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर सहमति बनी थी। इसमें हमले रोकने, होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने और अगले 60 दिनों के भीतर ईरान के परमाणु कार्यक्रम के समझौते पर सहमति बनी थी।
तेहरान ने खारिज किए ट्रंप के दावे, जानें कौन करेगा अमेरिका का प्रतिनिधित्व?

तेहरान/ वॉशिंगटन डीसी/दोहा। अमेरिका और ईरान के बीच हालिया सैन्य तनाव के बाद अब कूटनीतिक स्तर पर बातचीत की कोशिशें तेज हो गई हैं। दोनों देशों के बीच तकनीकी स्तर की अगली वार्ता कतर की राजधानी दोहा में प्रस्तावित है, हालांकि इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के आग्रह पर यह बैठक मंगलवार को होगी, लेकिन ईरान ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि फिलहाल ऐसी कोई बैठक तय नहीं है। इसके बावजूद दोनों देशों ने तनाव कम करने और संवाद बनाए रखने के संकेत दिए हैं।

क्यों जरूरी है यह वार्ता?

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। यदि यहां तनाव बढ़ता है तो तेल की कीमतों में भारी उछाल आ सकता है और दुनिया भर की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसलिए अमेरिका, ईरान और खाड़ी देशों की कोशिश है कि इस क्षेत्र में किसी भी तरह के सैन्य टकराव से बचा जाए।

Breaking News

क्या है पूरा मामला?

अमेरिका और ईरान के बीच पिछले कुछ समय से सैन्य और राजनीतिक तनाव चरम पर था। हालिया हमलों के बाद दोनों देशों ने सीधे टकराव से बचने के लिए बातचीत का रास्ता चुना। मध्यस्थ देशों, खासकर कतर और ओमान, ने दोनों पक्षों के बीच संपर्क बनाए रखा है ताकि हालात और न बिगड़ें। सबसे बड़ा मुद्दा होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और वहां जहाजों की आवाजाही को सामान्य बनाए रखना है।

MOU हस्ताक्षर से लेकर संपत्ति फ्रीज करने की कवायद तेज

17 जून को अमेरिका और ईरान के बीच 14 सूत्रीय प्रारंभिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर सहमति बनी थी। इसमें हमले रोकने, होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने और अगले 60 दिनों के भीतर ईरान के परमाणु कार्यक्रम समेत अन्य विवादित मुद्दों पर व्यापक समझौते के लिए बातचीत जारी रखने का फैसला हुआ था।

इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने दावा किया कि कतर में फ्रीज पड़े 12 अरब डॉलर में से 6 अरब डॉलर जल्द जारी किए जाएंगे। हालांकि अमेरिका ने कहा कि फिलहाल कोई राशि जारी नहीं हुई है, जबकि कतर ने भी इस दावे की पुष्टि नहीं की। उधर, व्हाइट हाउस ने बताया कि अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर उच्चस्तरीय वार्ता के लिए दोहा जाएंगे। वहीं विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी अमेरिकी संसद को ईरान समझौते और आगे की रणनीति की जानकारी देंगे।

यह भी पढ़ें: ब्रिटेन में भीषण गर्मी के बीच AC पर सख्ती, सरकार ने कहा- आखिरी विकल्प के तौर पर ही करें इस्तेमाल

अब जानें पिछले 24 घंटे की 4 जरूरी बातें

1. होर्मुज से जहाजों की आवाजाही घटी

शनिवार को 29 मालवाहक जहाज इस मार्ग से गुजरे थे, जबकि रविवार को यह संख्या घटकर सिर्फ 12 रह गई। इससे क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता साफ दिखाई दे रही है।

2. ईरान-ओमान की अहम बैठक

मस्कट में दोनों देशों की संयुक्त होर्मुज समिति की पहली बैठक हुई। इसमें जलडमरूमध्य के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।

3. ट्रंप ने दोहा वार्ता पर दिया बयान

ट्रंप ने कहा कि दोहा में होने वाली बातचीत अहम भी साबित हो सकती है और नहीं भी। उनका कहना है कि अमेरिका का लक्ष्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करना है।

4. पेट्रोल-डीजल सस्ता करने की अपील

ट्रंप ने अमेरिकी ईंधन विक्रेताओं से कहा कि कच्चे तेल की कीमत घटने के बाद अब पेट्रोल-डीजल के दाम भी तुरंत कम किए जाएं, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Aakash Waghmare
By Aakash Waghmare

आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...Read More

Latest Posts