Honda की दमदार रफ्तार,जुलाई में 5.42 लाख दोपहिया की बिक्री; चार महीने में 21.54 लाख यूनिट्स का आंकड़ा पार

Honda Motorcycle & Scooter India (HMSI) ने जुलाई 2026 के बिक्री आंकड़े जारी कर दिए हैं। कंपनी ने घरेलू बाजार और निर्यात को मिलाकर 5,42,934 दोपहिया वाहन बेचे हैं। यह प्रदर्शन पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले बेहतर रहा और कंपनी ने साल-दर-साल (YoY) के साथ-साथ महीने-दर-महीने (MoM) भी वृद्धि दर्ज की है। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों यानी अप्रैल से जुलाई के बीच कंपनी की कुल बिक्री 21.54 लाख यूनिट्स के पार पहुंच गई है। यह आंकड़ा Honda के लिए मजबूत बाजार पकड़ और बढ़ती मांग का संकेत माना जा रहा है।
जुलाई में 5.35% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज
कंपनी के अनुसार, जुलाई 2026 में कुल बिक्री 5,42,934 यूनिट्स रही, जबकि जुलाई 2025 में यह संख्या 5,15,378 यूनिट्स थी। इस तरह Honda ने 5.35 प्रतिशत की सालाना (YoY) वृद्धि दर्ज की। घरेलू बाजार में कंपनी ने 4,76,436 यूनिट्स की बिक्री की। वहीं, निर्यात (Export) भी मजबूत रहा और 66,498 यूनिट्स विदेशों में भेजी गईं। कंपनी के मुताबिक, एक्सपोर्ट में 35.58 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।
चार महीने में 21.54 लाख से ज्यादा दोपहिया बेचे
वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती चार महीनों में Honda ने कुल 21.54 लाख से अधिक बाइक और स्कूटर की बिक्री की। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 13.97 प्रतिशत अधिक है। इन 122 दिनों के दौरान कंपनी ने औसतन 17,656 दोपहिया वाहन प्रतिदिन बेचे। इसी अवधि में Honda ने 2.64 लाख से ज्यादा यूनिट्स का निर्यात भी किया, जिससे कंपनी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में मौजूदगी और मजबूत हुई।
10 नए मॉडल लॉन्च करने की तैयारी में Honda
बिक्री में लगातार बढ़ोतरी के बीच Honda भारतीय बाजार में बड़ा प्रोडक्ट विस्तार करने की तैयारी कर रही है। हाल ही में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कंपनी ने 10 नई बाइक और स्कूटर पेश किए, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से भारत में लॉन्च किया जाएगा। इनमें Honda ADV160 सबसे चर्चित मॉडल है, जिसे देश का पहला E85 फ्लेक्स-फ्यूल स्कूटर बताया जा रहा है। इसके अलावा कंपनी CB500 Roadster, Rebel 300, Rebel 500, XR300L Dual Sport, XR300 Rally और QC1 Electric Scooter जैसे नए मॉडल भी बाजार में उतारेगी।
मौजूदा बाइकों को भी मिला नया अपडेट
Honda ने केवल नए मॉडल ही नहीं, बल्कि अपनी लोकप्रिय CB350, CB350 C और CB350RS को भी नए रंग विकल्पों के साथ अपडेट किया है। कंपनी को उम्मीद है कि नए मॉडल और मौजूदा पोर्टफोलियो में किए गए बदलाव आने वाले महीनों में बिक्री को और मजबूती देंगे।












