एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों को हुआ डेंगू, मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती; CINTAA विवाद के बीच बिगड़ी तबीयत

दिग्गज बॉलीवुड एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों की तबीयत खराब है। उन्हें डेंगू हो गया है, जिसके बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि एक्ट्रेस पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में इलाज करा रही हैं। बता दें कि हाल ही में पूनम ढिल्लों से मैसेज के जरिए बात की। एक्ट्रेस ने बताया कि अब उनकी तबीयत में पहले से सुधार है। उम्मीद है कि जल्द ही वह पूरी तरह ठीक होकर घर लौटेंगी।
CINTAA विवाद के बीच अस्पताल में भर्ती
पूनम ढिल्लों का अस्पताल में भर्ती होना ऐसे समय में हुआ है, जब सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन यानी CINTAA में विवाद चल रहा है। पूनम ढिल्लों संस्था की अध्यक्ष हैं। हाल ही में CINTAA की जनरल सेक्रेटरी और एक्ट्रेस उपासना सिंह ने संस्था के कामकाज को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने पूनम ढिल्लों और वाइस प्रेसिडेंट पद्मिनी कोल्हापुरे पर संस्था को कथित तौर पर तानाशाही तरीके से चलाने के आरोप लगाए थे।
11 सदस्यों के इस्तीफे का दावा
उपासना सिंह ने ANI को बताया कि CINTAA के 11 सदस्यों ने इस्तीफा दिया है। इनमें 8 सदस्य एग्जीक्यूटिव कमेटी के निर्वाचित सदस्य थे। उनके मुताबिक, इन सदस्यों ने इस्तीफे के साथ अपनी शिकायतें भी सौंपी हैं। इनमें संस्था के कामकाज और कई अन्य मुद्दों को लेकर चिंताएं जताई गई हैं। इस्तीफा देने वालों में हेमंत पांडे, मुकेश ऋषि, साहिला चड्ढा, हेता परमार, पुनीत इस्सर, विंदू दारा सिंह, विकास वर्मा और दीपक पाराशर के नाम शामिल हैं। उपासना सिंह ने यह सवाल भी उठाया कि CINTAA के आधिकारिक काम के लिए निजी ईमेल अकाउंट्स का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है।
विवाद पर पूनम ढिल्लों ने क्या कहा?
विवाद को लेकर पूनम ढिल्लों पहले ही ETimes से बात कर चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि वह किसी भी तरह की बयानबाजी या कीचड़ उछालने में शामिल नहीं होना चाहतीं, क्योंकि यह उन्हें असभ्य लगता है। फिलहाल पूनम ढिल्लों का लीलावती अस्पताल में इलाज चल रहा है और सामने आई जानकारी के मुताबिक उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।





















