PlayBreaking News

इंदौर पुलिस में ‘पॉकेट गवाह’ सिंडिकेट-पुलिस सिस्टम पर भारी दाग..क्या यह सिर्फ दो गवाहों पर कहानी

Follow on Google News
पुलिस सिस्टम पर भारी दाग..क्या यह सिर्फ दो गवाहों पर कहानी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर पुलिस के कुछ कथित थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली पर अब तक का सबसे बड़ा और सनसनीखेज सवाल खड़ा हो गया है। सूत्रों और विभागीय दस्तावेज़ों के अनुसार, पुलिस के भीतर वर्षों से संचालित एक गुप्त और खतरनाक ‘गवाह खेल’ का बड़ा भंडाफोड़ होने की कगार पर है। आरोप है कि हत्या, लूट, दुष्कर्म, एनडीपीएस जैसे अति गंभीर अपराधों में भी तैयारशुदा, पॉकेट और संदिग्ध गवाहों के सहारे 1250 से अधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर दिए गए। वह भी सिर्फ दो ही गवाहों के माध्यम से! जब तक यह पूरा खेल वरिष्ठ अधिकारियों की नज़रों में आया, तब तक इंदौर पुलिस की फाइलों में कई मामले “निपटा” दिए गए थे और कई आरोपी ऐसे गवाहों के बयान पर वर्षों तक जेलों में चक्कर काटते रहे।

     

    जानकारी के अनुसार, खजराना थाना में पदस्थ तत्कालीन थाना प्रभारी दिनेश वर्मा के कार्यकाल (2022–2023) में यह पूरा खेल चरम पर था। आरोप यह है कि वर्मा ने अपने पूरे कार्यकाल में नवीन चौहान और इरशाद नामक दो व्यक्तियों को “पॉकेट गवाह” की तरह इस्तेमाल किया और सैकड़ों गंभीर अपराधों में दोनों के हवाले से बयान दर्ज करवाकर प्रकरण तैयार कर दिए। इतना ही नहीं, विभागीय स्रोत बताते हैं कि 333 दुष्कर्म प्रकरणों, कई एनडीपीएस मामलों और अन्य संवेदनशील घटनाओं में भी यही दोनों गवाह सामने आए। यह पैटर्न इतना संदिग्ध था कि जांच में यह स्पष्ट दिखा कि गंभीर अपराधों को निपटाने के लिए इन्हीं दो नामों पर पूरा सिस्टम टिका रहा।


    कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए, तत्कालीन थाना प्रभारी ने मानो ‘गवाह फैक्ट्री’ बनाकर अपने कार्यालय में मुकदमों की कतार लगा दी,और पूरे प्रकरण केवल पॉकेट गवाहों की मदद से तैयार कर दिए। यह खेल वर्षों तक चलने की बात सामने आ रही है।

      

    चंदन नगर टीआई को सुप्रीम कोर्ट की फटकार—   

    फर्जी गवाहों के इस्तेमाल का मामला नया नहीं है। कुछ ही दिन पहले चंदन नगर थाना प्रभारी इंद्रमणि पटेल को भी ऐसे ही संदिग्ध गवाहों के उपयोग पर सुप्रीम कोर्ट की कड़ी फटकार पड़ी थी। इसके बावजूद, हैरानीजनक तथ्य यह है कि इंद्रमणि पटेल आज भी अपनी कुर्सी पर जस की तस बैठे हैं, और विभागीय कार्रवाई का कहीं कोई ठोस परिणाम ज़मीन पर दिखाई नहीं देता। यह भी सवाल खड़ा करता है कि क्या इंदौर पुलिस के भीतर ऐसे मामलों पर वास्तविकता में कोई नियंत्रण व्यवस्था मौजूद है या नहीं।

     

     दो गवाह—774 और 504 मामलों में शामिल!265 गंभीर मामलों में दोनों एक साथ जांच रिपोर्ट ने पुलिस तंत्र की बुनियाद हिला दी जैसे ही पुलिस विभाग ने इन प्रकरणों की “चटनी” बनाकर छानबीन शुरू की, रिकॉर्ड देखकर जांच अधिकारी भी दंग रह गए।रिपोर्ट में सामने आया आंकड़ा आपराधिक न्याय व्यवस्था के लिए शर्मनाक है:

    • इरशाद पुत्र अब्दुल हमीद का नाम— 774 मामलों में
    • नवीन चौहान पुत्र रामचंद्र— 504 मामलों में
    • इनमें से 265 मामलों में दोनों एक साथ गवाह

    सवाल यह है कि क्या ये दोनों व्यक्ति कहीं भी, कभी भी, हर अपराध के मौके पर जादुई तरीके से मौजूद रहते थे? या यह पूरा तंत्र किसी संगठित गठजोड़ के तहत चलाया जा रहा था?यह आंकड़े साफ साबित करते हैं कि मामला मात्र गड़बड़ी नहीं, बल्कि एक सिस्टमेटिक, योजनाबद्ध और खतरनाक ‘गवाह सिंडिकेट’ की ओर इशारा करता है जो इंसाफ की जड़ें खोद रहा था।

     

     कमिश्नर ने बिठाई विभागीय जांच—DCP को जिम्मेदारी

     जैसे ही प्रकरण उच्च स्तर तक पहुंचा, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने तुरंत विभागीय जांच का आदेश जारी किया। जांच की कमान डीसीपी जोन-1 कृष्णलाल चंदानी को सौंपी गई है। अब दिनेश वर्मा को नोटिस देकर पूछा गया है कि 2022 से 2023 के बीच उन्होंने इतने गंभीर मामलों में केवल दो गवाहों पर निर्भर होकर कार्रवाई क्यों और कैसे की।विभाग इस पूरे घटनाक्रम की परतें उधेड़ने में जुट चुका है, और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और कई खुलासे सामने आ सकते हैं।

     

    पुलिस सिस्टम पर भारी दाग—क्या यह सिर्फ दो गवाहों की कहानी है या गहरे नेटवर्क का संकेत?

    इस पूरे मामले ने पुलिस की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और न्याय व्यवस्था की रीढ़ को कठघरे में खड़ा कर दिया है। 1250 गंभीर अपराधों को दो गवाहों से निपटाने का दावा सिर्फ एक थाने की बदहाली नहीं दिखाता। यह पूरे सिस्टम में मौजूद गहरे, सड़े हुए नेटवर्क की ओर इशारा करता है।जांच आगे बढ़ने पर यह खेल कहीं इंदौर पुलिस के बड़े हिस्से को नंगा न कर दे, यह आशंका अब वास्तविकता बनती जा रही है।

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts