PM मोदी का सोमनाथ दौरा:वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होगा कुंभाभिषेक, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का सख्त इंतजाम

सौराष्ट्र। गुजरात का पवित्र तट, प्रभास पाटन, एक बार फिर इतिहास के केंद्र में है। आज का दिन देश की आस्था और विरासत के लिए बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होंगे।यह सिर्फ एक दौरा नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा का प्रतीक माना जा रहा है।
11 तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक
प्रधानमंत्री मोदी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कुंभाभिषेक करेंगे। इसमें देश के 11 पवित्र तीर्थ स्थलों का जल शामिल होगा। यह अनुष्ठान पूरी तरह शास्त्रीय विधि से किया जाएगा, जिसमें आध्यात्मिक ऊर्जा का मेल देखने को मिलेगा। इसके बाद मंदिर के शिखर पर कलश चढ़ाने की रस्म भी निभाई जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ते हुए 90 मीटर ऊंची क्रेन की मदद से कलश को मंदिर के शिखर तक पहुंचाया जाएगा।
हजारों भक्त करेंगे प्रधानमंत्री का स्वागत
सोमनाथ में अमृत महोत्सव को लेकर जोरदार तैयारियां चल रही हैं। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने बताया कि इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं सोमनाथ पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Somnath Amrit Mahotsav : प्रधानमंत्री मोदी कल सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल होंगे, जारी करेंगे सिक्का और डाक टिकट
सोमनाथ अमृत पर्व- 75 साल का गौरव
सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर सोमनाथ अमृत पर्व मनाया जा रहा है। यह भारत की सांस्कृतिक पुनर्जागरण यात्रा का प्रतीक है। 1951 में स्वतंत्र भारत में इस मंदिर का पुनर्निर्माण हुआ था। तब से लेकर आज तक यह मंदिर आस्था का एक मजबूत केंद्र बना हुआ है।
जामनगर में भव्य रोड शो
प्रधानमंत्री मोदी रविवार रात गुजरात के जामनगर पहुंचे थे। वहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। एयरपोर्ट से लेकर पायलट बंगला तक करीब 2 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला गया। सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ी, लोग देशभक्ति के नारों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करते दिखे। लाल बंगला सर्कल पर हुए कार्यक्रम में जनता का उत्साह देखते ही बनता था।
सुरक्षा के खास इंतजाम
सोमनाथ में प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। 2000 से अधिक जवान जिनमें पुलिस, होमगार्ड और वन विभाग के कर्मी शामिल हैं पूरे क्षेत्र में तैनात किए गए हैं। हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
सूर्य किरण टीम का आकर्षक एयर शो
इस कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा रहेगा भारतीय वायुसेना की एरोबैटिक टीम का प्रदर्शन। इंडिया एयर फोर्स की प्रसिद्ध सूर्य किरण टीम सोमनाथ मंदिर के ऊपर लगभग 15 मिनट तक रोमांचक एयर शो करेगी। यह प्रदर्शन एक खास आयोजन का हिस्सा है जिसे Surya Kiran Aerobatic Team display कहा जा रहा है। आसमान में उड़ते जेट विमान जब कलाबाजियां दिखाएंगे। इसके साथ ही चेतक हेलीकॉप्टर के जरिए मंदिर पर फूलों की वर्षा की जाएगी, जो इस पूरे आयोजन को और भी दिव्य बना देगी।
वडोदरा में सामुदायिक कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान वडोदरा में सरदार धाम परिसर का उद्घाटन भी करेंगे। यह कार्यक्रम शिक्षा, समाज और सामुदायिक विकास को समर्पित माना जा रहा है। इससे जुड़ी कई धार्मिक और प्रशासनिक गतिविधियां भी गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित की जा रही हैं।
सोमनाथ मंदिर का धार्मिक महत्व
सोमनाथ मंदिर को भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में पहला और सबसे पवित्र माना जाता है। यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि भारतीय इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिकता की जीवंत पहचान भी है। शिव पुराण और द्वादश ज्योतिर्लिंग स्तोत्र में इसका विशेष उल्लेख मिलता है। यहां भगवान शिव, श्रीकृष्ण और शक्ति की उपासना की परंपरा सदियों से चली आ रही है।

2026 क्यों है ऐतिहासिक वर्ष
साल 2026 सोमनाथ मंदिर के लिए दो बड़े ऐतिहासिक कारणों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
- पहला- साल 1026 में महमूद गजनवी ने इस मंदिर पर हमला कर इसे नष्ट कर दिया था। उस घटना के 1000 साल पूरे हो रहे हैं।
- दूसरा- 11 मई 1951 को स्वतंत्र भारत में इस मंदिर का पुनर्निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। इसके 75 वर्ष पूरे हो चुके हैं।











