तुर्की एयरलाइंस TK-726 बनी आग का गोला!लैंडिंग करते ही विमान के टायर में लगी आग, बाल-बाल बचे 289 लोग

काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तुर्की एयरलाइंस के एक विमान की लैंडिंग के दौरान उसके टायर में अचानक आग लग गई। विमान में कुल 289 लोग सवार थे, जिनमें 278 यात्री और 11 क्रू के सदस्य शामिल थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब दुनिया भर में लगातार विमान हादसों की खबरें सामने आ रही हैं। इसी वजह से एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर थीं। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।
इस्तांबुल से काठमांडू आ रही थी फ्लाइट
जानकारी के मुताबिक तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट TK-726 इस्तांबुल से नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंच रही थी। फ्लाइट जैसे ही त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने लगा, तभी उसके एक टायर में आग लग गई। रनवे पर आग दिखाई देते ही एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
विमान की लैंडिंग के दौरान अचानक धुआं और आग दिखने से यात्रियों के बीच भी डर का माहौल बन गया। कई यात्री घबरा गए और फ्लाइट के अंदर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पायलट और एयरपोर्ट टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए हालात को संभाल लिया।
यह भी पढ़ें: Eknath Shinde : आंधी-तूफान में फंसा एकनाथ शिंदे का हेलीकॉप्टर, जुहू एयरपोर्ट पर पायलट ने सुरक्षित उतारा
फायर फाइटर्स ने तुरंत पाया आग पर काबू
एयरपोर्ट पर मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। फायर इंजन की मदद से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि अगर थोड़ी भी देर होती तो मामला गंभीर हो सकता था।
एयरपोर्ट सुरक्षा मामलों के SP राजकुमार सिलावल ने बताया कि विमान के टायर में आग लगने की सूचना मिलते ही इमरजेंसी टीम को अलर्ट कर दिया गया था। फायर फाइटर्स ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग बुझाई और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम को भी तैनात किया गया था ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद दी जा सके।
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने जवाब बताया ‘अस्वीकार्य’! ईरान ने ठुकराया ट्रंप का शांति प्रस्ताव, युद्ध के नुकसान का मांगा हिसाब!
फ्लाइट में मौजूद थे UN के अधिकारी
रिपोट्र्स के मुताबिक फ्लाइट में कुछ संयुक्त राष्ट्र यानी यूएन के अधिकारी भी सवार थे। हालांकि इस घटना में किसी भी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा। सभी लोगों को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट के सुरक्षित क्षेत्र में ले जाया गया। कई यात्री हादसे से डरे हुए दिखाई दिए। कुछ लोगों ने कहा कि विमान के उतरते समय अचानक झटका महसूस हुआ और फिर बाहर आग दिखाई दी।
कैसे लगी आग? जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के असली कारण का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार लैंडिंग के दौरान ज्यादा घर्षण या तकनीकी खराबी की वजह से टायर गर्म होकर उसमें आग लग सकती है। हालांकि अधिकारी हर एंगल से जांच कर रहे हैं। एयरपोर्ट प्रशासन और विमानन विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। विमान की तकनीकी जांच भी की जा रही है।
लगातार बढ़ रहे विमान हादसों से चिंता
पिछले कुछ समय में दुनिया भर से विमान हादसों और तकनीकी खराबी की कई घटनाएं सामने आई हैं। कई मामलों में लोगों की जान भी जा चुकी है। ऐसे में एयरलाइंस कंपनियों और एयरपोर्ट प्रशासन पर सुरक्षा को लेकर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। विमान की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन बेहद जरूरी है। छोटी सी लापरवाही भी सैकड़ों यात्रियों की जिंदगी खतरे में डाल सकती है।











