Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

VIDEO : ओलंपिक से लौटे खिलाड़ियों से मिले PM मोदी, मनु भाकर ने दी पिस्टल, श्रीजेश ने जर्सी तो हॉकी टीम ने स्टिक सौंपी

VIDEO : ओलंपिक से लौटे खिलाड़ियों से मिले PM मोदी, मनु भाकर ने दी पिस्टल, श्रीजेश ने जर्सी तो हॉकी टीम ने स्टिक सौंपी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में संपन्न पेरिस ओलंपिक से 6 पदक लेकर लौटे भारतीय दल से गुरुवार को अपने आवास पर मुलाकात की और इस दौरान इतिहास रचने वाली निशानेबाज मनु भाकर ने उन्हें अपनी वह पिस्टल दिखाई, जिससे उन्होंने दो कांस्य पदक जीते। पेरिस ओलंपिक खेलों में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने प्रधानमंत्री को एक स्टिक और जर्सी भेंट की, जिस पर सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे। पेरिस ओलंपिक के बाद संन्यास लेने वाले पीआर श्रीजेश और कप्तान हरमनप्रीत सिंह सहित सभी हॉकी खिलाड़ियों ने मोदी के साथ तस्वीरें खिंचवाई। इस दौरान खिलाड़ियों ने गले में अपने कांस्य पदक लटका रखे थे, जिसका वीडियो सामने आया है।

खिलाड़ियों ने पीएम मोदी को सौंपे ये गिफ्ट्स

पीएम मोदी को भारतीय खिलाड़ियों ने कई गिफ्ट दिए हैं। निशानेबाज मनु भाकर ने पीएम मोदी को पिस्टल दी। वहीं रेसलर अमन सहरावत और हॉकी के योद्धा पीआर श्रीजेश ने जर्सी सौंपी, जिसपर भारतीय खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अपनी टीम की ओर से पीएम को हॉकी स्टिक भेंट किया। पीएम मोदी ने इस दौरान खिलाड़ियों को संबोधित भी किया। देखें वीडियो...

मनु से पिस्टल के बारे में बताते दिखे पीएम

सामने आए वीडियो में स्वतंत्रता के बाद किसी एक ओलंपिक खेल में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी मनु को प्रधानमंत्री को उस पिस्टल के बारे में बताते हुए देखा गया जिससे उन्होंने पेरिस में 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में दो कांस्य पदक जीते थे। मनु के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल की मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले सरबजोत सिंह और 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक हासिल करने वाले स्वप्निल कुसाले ने भी प्रधानमंत्री के साथ बातचीत की।

नीरज चोपड़ा अभी नहीं लौटे स्वदेश

कुश्ती में पुरुषों की फ़्रीस्टाइल 57 किग्रा में कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान अमन सहरावत को भी मोदी के साथ भारतीय जर्सी के साथ पोज देते देखा गया, जिस पर उनके हस्ताक्षर थे। भाला फेंक के स्टार खिलाड़ी और पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा अभी स्वदेश नहीं लौटे हैं। वह कमर की अपनी चोट को लेकर डॉक्टर से परामर्श करने के लिए जर्मनी चले गए थे। वहीं रेसलर विनेश फोगाट 17 अगस्त को भारत लौटेंगी। बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी इस इवेंट का हिस्सा नहीं बनीं।

पीएम ने भारतीय दल को किया संबोधित

मोदी ने भारतीय दल के सदस्यों को संबोधित किया और पेरिस ओलंपिक के पुरुष एकल में चौथे स्थान पर रहने वाले बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन सहित उनमें से कुछ के साथ बातचीत भी की। तोक्यो ओलंपिक की पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी) और मीराबाई चानू (भारोत्तोलन) भी उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात की।। इस अवसर पर खेल मंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा भी उपस्थित थे। इससे पहले दिन में भारतीय ओलंपिक दल के सदस्य ऐतिहासिक लाल किले में मौजूद थे जहां मोदी ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित किया था।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts