Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पीएम मोदी की राज्यों से अपील, मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाएं, निवेश को बढ़ावा दें... जानें किन विदेशी वस्तुओं का रोज इस्तेमाल करते हैं आप

पीएम मोदी की राज्यों से अपील, मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाएं, निवेश को बढ़ावा दें... जानें किन विदेशी वस्तुओं का रोज इस्तेमाल करते हैं आप
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम 5 बजे राष्ट्र को संबोधित करते हुए देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सोमवार 22 सितंबर से शक्ति की उपासना का पर्व नवरात्रि आरंभ हो रहा है और इसी दिन देश आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। प्रधानमंत्री ने इसे देश के लिए एक बड़ा बदलाव बताते हुए 'जीएसटी बचत उत्सव' का नाम दिया।

    स्वदेशी को मिला नया संकल्प

    अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि वे मेड इन इंडिया उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि 'हर घर स्वदेशी का प्रतीक बने, हर दुकान स्वदेशी से सजे। गर्व से कहें कि यह स्वदेशी है और मैं स्वदेशी खरीदता हूं।'

    उन्होंने बताया कि रोजमर्रा की जरूरतों में लोग अनजाने में विदेशी उत्पादों का उपयोग कर रहे हैं। यदि देशवासी कंघी, साबुन, टूथब्रश, टूथपेस्ट, इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसी सामान्य वस्तुएं भी भारत में निर्मित खरीदेंगे तो देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और भारतीय उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा।

    रोजमर्रा की जिंदगी में विदेशी सामान का बोलबाला

    प्रधानमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि साबुन, शैंपू, एनर्जी ड्रिंक, दीपावली की लाइटें, कंघी, पर्सनल केयर प्रोडक्ट, वाशिंग मशीन, ग्राइंडर, शेविंग क्रीम, चॉकलेट, मिल्क पाउडर और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जैसी चीजों में विदेशी उत्पादों का इस्तेमाल आम है। उन्होंने कहा कि इन वस्तुओं को भारतीय विकल्पों से बदलना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम होगा।

    नए जीएसटी- दो स्लैब में सरल टैक्स

    प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी में बड़े सुधारों की घोषणा करते हुए बताया कि अब टैक्स सिस्टम को सरल बनाते हुए सिर्फ दो स्लैब 5% और 18% रखे गए हैं।

    • रोजमर्रा की अधिकांश चीजें या तो टैक्स फ्री होंगी या 5% टैक्स के दायरे में आएंगी।
    • खाने-पीने का सामान, दवाएं, साबुन, हेल्थकेयर सेवाएं और जीवन बीमा जैसी आवश्यक वस्तुएं अब पहले से सस्ती होंगी।

    मोदी ने कहा कि इन सुधारों से व्यापार आसान होगा, निवेश बढ़ेगा और देश के मध्यम वर्ग, गरीब और छोटे कारोबारियों को सीधा फायदा पहुंचेगा।

    राज्य सरकारों को भी भूमिका निभाने की अपील

    प्रधानमंत्री ने सभी राज्य सरकारों से आग्रह किया कि वे मैन्यूफैक्चरिंग को गति दें और निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर काम करेंगे तो ही आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा और हर राज्य विकसित भारत की यात्रा में बराबरी का भागीदार बनेगा।

    आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम

    मोदी ने कहा कि नवरात्रि के पहले दिन से देश नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा। जीएसटी बचत उत्सव न केवल आर्थिक मजबूती का प्रतीक होगा बल्कि गरीबों, मध्यम वर्ग और व्यापारियों के लिए राहत भी लेकर आएगा। प्रधानमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस बदलाव को आत्मसात कर 'स्थानीय को वैश्विक' बनाने में योगदान दें।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts