पीथमपुर में ट्रॉले ने बाइक सवार 3 बच्चों को कुचला, दो सगे भाई और मौसेरी बहन की मौत

पीथमपुर। मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर में गुरुवार दोपहर महू-नीमच हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई। महेंद्रा ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीनों बच्चे ट्रॉले की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई और उनकी मौसेरी बहन शामिल हैं। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

स्कूल से भाई-बहन को लेकर घर लौट रहा था प्रियांश
पुलिस के मुताबिक पीथमपुर की उत्कर्ष आंगन कॉलोनी निवासी प्रियांश नौवीं कक्षा में पढ़ता था। गुरुवार को वह स्कूल नहीं गया था। दोपहर करीब 2 बजे वह अपने छोटे भाई मोक्ष और मौसेरी बहन आरुषि को लेने सेंट फ्रांसिस स्कूल पहुंचा था। मोक्ष पांचवीं और आरुषि सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। स्कूल से दोनों को लेकर प्रियांश बाइक (MP 40 ML 4037) से घर लौट रहा था। इसी दौरान महू-नीमच हाईवे पर महेंद्रा ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रॉले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में प्रियांश, मोक्ष और आरुषि की जान चली गई।
टक्कर के बाद करीब 10 मीटर तक घिसटते गए बच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और बच्चे करीब 10 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर बच्चों के स्कूल बैग, किताबें और जूते बिखर गए। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल बन गया।
महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा, बस-कार की टक्कर में 5 श्रद्धालुओं की गई जान, कार के उड़े परखच्चे
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जमा भीड़ को संभाला। बाइक के नंबर के आधार पर बच्चों की पहचान की गई और उनके परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए पीथमपुर सिविल अस्पताल भेजे।
मुरैना में तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने कॉन्स्टेबल को कुचला, ग्वालियर ले जाते समय मौत
ट्रॉला जब्त, चालक की तलाश में कार्रवाई
पीथमपुर थाना प्रभारी सुनील शर्मा के मुताबिक, हादसे में शामिल ट्रॉले को जब्त कर लिया गया है। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया था। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




















