Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सनी देओल की ‘सूर्या’ पर IMA ने उठाए सवाल, फिल्म पर बैन लगाने तक की मांग

सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या– अंत से आरंभ तक’ रिलीज से पहले विवादों में आ गई है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने फिल्म के चित्रण पर आपत्ति जताते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। जानिए IMA की मांग और फिल्म की रिलीज डेट।
सनी देओल की ‘सूर्या’ पर IMA ने उठाए सवाल, फिल्म पर बैन लगाने तक की मांग

सनी देओल की अपकमिंग फिल्म ‘सूर्या - अंत से आरंभ तक’ रिलीज से पहले विवादों में आ गई है। 19 अक्टूबर को सनी देओल के जन्मदिन के मौके पर फिल्म का टीजर जारी किया गया था। अब इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने फिल्म में चिकित्सा पेशे के चित्रण और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा को लेकर आपत्ति जताई है। एसोसिएशन ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर फिल्म की तत्काल समीक्षा करने की मांग की है।

‘सूर्या’ के टीजर पर IMA को क्या आपत्ति है?

IMA का कहना है कि फिल्म में स्वास्थ्य क्षेत्र में भ्रष्टाचार और डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा को जिस तरह दिखाया गया है, उससे जनता के बीच गलत संदेश जा सकता है। एसोसिएशन के मुताबिक, इस तरह का चित्रण डॉक्टरों की छवि को नुकसान पहुंचाने के साथ स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा और चिकित्सा पेशे पर जनता के भरोसे को भी प्रभावित कर सकता है। एसोसिएशन ने फिल्म की निष्पक्ष समीक्षा करने और निर्माताओं से जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही, जरूरत पड़ने पर कानून के तहत फिल्म पर प्रतिबंध लगाने या अन्य उचित कार्रवाई करने पर विचार करने की अपील भी की है।

Sunny Deol

क्या है फिल्म ‘सूर्या’ की कहानी?

फिल्म के टीजर में सनी देओल एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जो अपने अतीत के घावों से जूझ रहा है। इसी दौरान उसका सामना मेडिकल प्रोफेशन से जुड़ी कथित धांधली से होता है। इसके बाद वह सच की तलाश में निकल पड़ता है और एक ऐसी अवैध व्यवस्था का पता लगाता है, जिसके बारे में लोग लंबे समय से अनजान हैं।

कब रिलीज होगी ‘सूर्या’?

एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल के अलावा रवि किशन, प्रज्ञा जायसवाल, तनुश्री चक्रवर्ती, मनीष वाधवा और टीनू आनंद अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में वीरती वाघानी, जिशु सेनगुप्ता, खालिद सिद्दीकी, अनूप त्रिवेदी और रोहित तिवारी भी शामिल हैं। फिल्म ‘सूर्या - अंत से आरंभ तक’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज से पहले IMA की आपत्ति के बाद अब इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts