PlayBreaking News

MP News :'पेट्रोल खत्म हो जाएगा' यह अफवाह सुनी तो जिसे 1000 का पेट्रोल चाहिए था, वो 3000 का लेने लगा, एक पेट्रोल पंप सील

मंगलवार रात से ही पेट्रोल खरीदने के लिए लोग बेचैन हो गए। राजधानी में सुबह कई पेट्रोल पंपों पर कतारें थीं, जिसे 1000 रुपए का पेट्रोल लगता था वह 3000 रुपए का लेने लगा।
Follow on Google News
'पेट्रोल खत्म हो जाएगा' यह अफवाह सुनी तो जिसे 1000 का पेट्रोल चाहिए था, वो 3000 का लेने लगा, एक पेट्रोल पंप सील
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। पेट्रोल-डीजल की किल्लत शुरू होने वाली है, ऐसी अफवाह सुनने के बाद मंगलवार रात के से राजधानी के कई इलाकों में पेट्रोल लेने वालों की भीड़ पेट्रोल पंपों पर लगने लगी। आम तौर पर जो 1000 रुपए का पेट्रोल लेता था, वह 3000 रुपए का पेट्रोल लेने लगा। एक पेट्रोलपंप कर्मचारी ने बताया कि हम जिन लोगों को रोज 100 रुपए का पेट्रोल लेते हुए देखते थे, वे 300-500 का पेट्रोल खरीदने लगे। इसका असर यह हुआ कि पेट्रोल पंपों पर सेल बढ़ गई। 

    सोशल मीडिया देखकर भागे लोग

    राजधानी के बीएचईएल क्षेत्र स्थित तत्पर पेट्रोल पंप पर सुबह कतारें लग गई। इस पेट्रोल पंप से अवधपुरी तक लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र में कोई पेट्रोल पंप नहीं हैं। पेट्रोल लेने वाले ज्यादातर भेलकर्मी और प्राइवेट जॉब करने वाले कर्मचारी थे। इस पेट्रोल पंप पर रोजाना पेट्रोल की सेल लगभग 7 हजार लीटर है, लेकिन बुधवार को दोपहर 1 बजे तक ही 6 हजार लीटर पेट्रोल बिक गया। नतीजा यह हुआ कि दोपहर दो बजे से पेट्रोल टैंकर आने का इंतजार करना पड़ा। कर्मचारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलने के कारण ऐसी स्थिति बनी।

    /img/89/1774432111956

    कोई दिक्कत नहीं है, डीजल-पेट्रोल पर्याप्त है

    आईएसबीटी के पास स्थित कटारे पेट्रोल पंप पर दोपहर 2 बजे कई बड़े वाहन कतार में दिख रहे थे। करीब जाकर जब कर्मचारियों से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि स्टॉक की कोई कमी नहीं है। जो जितना पेट्रोल-डीजल मांग रहा है, उतना दिया जा रहा है। हालांकि लोगों को अपनी जरूरत के हिसाब से ही फ्यूल खरीदना चाहिए। पैनिक होने पर स्थिति बिगड़ती है, जिससे आम लोगों को ही परेशान होना पड़ता है।

    Twitter Post

    90 दिन के स्टॉक का गणित समझिए  

    देश में पेट्रोल-डीजल का स्टॉक एकदम से खत्म नहीं हो जाएगा। इसके लिए हमें रिफाइनरी से पेट्रोल पंप तक के स्टॉक को समझना होगा। एक्सपर्ट्स के मुताबिक हर पेट्रोल पंप पर  4 से 5 दिन का स्टॉक रहता है। ऑयल डिपोज में करीब 7 दिन का स्टॉक रहता है। 10 दिन का स्टॉक तो मूवेबल रहता है यानि टैंकर्स से ट्रांसपोर्ट होता रहता है। इसके अलावा  रिफाइनरीज में 20 से 25 दिन का स्टॉक, टर्मिनल्स में लगभग 30 दिन का स्टॉक रहता है। इस तरह 90 दिन का स्टॉक रहता है।

    Breaking News

    पूरे प्रदेश में हर जगह पूरा स्टॉक है : एसोसिएशन 

    पेट्रोल डीजल की पैनिक बिक्री के बीच मप्र पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारी लगातार प्रदेश में अन्य जगहों के पंप संचालकों के संपर्क में हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि अफवाहों के चलते लोग परेशान हो रहे हैं। पंपों पर पर्याप्त पेट्रोल डीजल है। अगर कहीं खत्म भी होता है तो कुछ ही देर में टैंकर वहां पहुंच जाएगा। भोपाल की बात करें तो भौंरी में बीपीसीएल और बकानिया में रिलायंस, एचपी, आईओसी के डिपो हैं। लोग घबराएं नहीं और अपनी जरूरत के हिसाब से ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। 

    क्या बोले विक्रेता- कस्टमर 

    भोपाल में स्थिति सामान्य है

    सामान्य स्थिति बनी हुई है, डिपो से भी सप्लाई बराबर आ रही है।जनता भी समझ रही है। सबके लिए पेट्रोल-डीजल मिल रहा है। किसी प्रकार का कोई पैनिक नहीं है। 
    राजेश मिश्रा, संचालक, नानके पेट्रोल पंप भोपाल

    लोग अफवाहों पर ध्यान नहीं दें

    जो भी पेट्रोल को लेकर जो अफवाहें थी, हमने पेट्रोल पंप आकर देखा वैसा कुछ नहीं था। पेट्रोल ईजीली मिल रहा है। मेरा तो यही कहना है कि लोग अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। 
    तनुष्का सिंह, कस्टमर

    ऐसा नहीं लग रहा शॉर्टेज होगी

    कल भी पेट्रोल डलवाने आया था तो कोई रश नहीं था, आज भी आया हूं तो कोई पैनिक नहीं है। ऐसा नहीं लग रहा कि शॉर्टेज होगी। सबको पेट्रोल-डीजल आराम से मिल रहा है।
    अमीन खान, कस्टमर

    सरकार सबकी चिंता करती है

    पहले भी रसोई गैस की अफवाहें फैला रहे थे, अब अफवाह फैला रहे हैं कि पेट्रोल नहीं मिलेगा जबकि सारी चीजें मिल रही है। सरकार सबकी चिंता करती है, सबकी व्यवस्था करेगी। पेट्रोल बराबर मिल रहा है, चिंता की कोई बात नहीं है।
    संजय पाल, कस्टमर 

    अपने मन से ही पेट्रोल देने की सीमा तय की तो पेट्रोल पंप सील 

    भोपाल। पट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता नहीं होने की अफवाहों के बीच बुधवार को जिला खाद्य नियंत्रक ने एयरपोर्ट रोड स्थित नायरा के पेट्रोल पंप को सील कर दिया। दरअसल पंप पर दो पहिया वाहन चालकों को सिर्फ 200 रुपए और कार चालकों को 1000 रुपए तक ही पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा था। पंप पर वाहन चालकों की भीड़ बढ़ने से पंप संचालक ने खुद से ही पेट्रोल देने की सीमा तय कर ली थी, जबकि नियमानुसार उपभोक्ताओं को मांग के हिसाब से पेट्रोल दिया जाना निर्धारित है।

    सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

    एक बाइक चालक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पता चलते ही जिला खाद्य नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन टीम के साथ पंप पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पेट्रोल पंप को सील करने की कार्रवाई की। नियंत्रक जादौन ने बताया कि सभी पंप संचालकों को आदेश जारी किए गए हैं कि उपभोक्ता जितना पेट्रोल व डीजल मांगें, उतनी मात्रा में उन्हें उपलब्ध कराएं। किसी भी पंप का संचालक अपने मन से मूल्य व मात्रा का तय नहीं कर सकता। साथ ही कोई भी पंप संचालक पेट्रोल व डीजल बोतल व कैन में उपभोक्ता को नहीं दे सकता। ऐसा करने वाले पेट्रोल पंप संचालक पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर तक दर्ज कराएंगे।

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts