धरने से लेकर बेकाबू दंगे तक:नोएडा में मजदूरों का गुस्सा क्यों बना आग? क्या हैं उनकी असली मांगें?

नोएडा के इंडस्ट्रियल इलाकों में पिछले कुछ दिनों से चल रहा धरना आज अचानक सड़कों पर फट पड़ा। जो प्रदर्शन पहले शांत था, वह सोमवार को उग्र हो गया। पत्थरबाजी, आगजनी और पुलिस की आंसू गैस इन तस्वीरों ने पूरे इलाके को हिला दिया। सवाल वही है आखिर मजदूरों का गुस्सा इस कदर क्यों भड़का?
कैसे बढ़ता गया विवाद
- दिन 1: धरने की शुरुआत- मजदूरों ने सैलरी बढ़ाने और काम की शर्तों में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया। नोएडा फेज-2 और सेक्टर-62 जैसे औद्योगिक इलाकों में कर्मचारी इकट्ठा हुए। शुरुआत शांतिपूर्ण रही, मजदूरों ने सिर्फ अपनी मांगों को उठाया।
- दिन 2: सड़क पर उतरता दबाव- प्रदर्शन ने रफ्तार पकड़ी और मजदूर सड़कों पर उतर आए। कई जगह जाम की स्थिति बनी, जिससे प्रशासन अलर्ट हुआ। अधिकारियों ने बातचीत शुरू की और कुछ आश्वासन दिए गए।
- दिन 3: हालात बेकाबू- सोमवार सुबह से हजारों मजदूर सड़कों पर उतर आए। अचानक प्रदर्शन उग्र हो गया पथराव, गाड़ियों में आगजनी की घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने हालात संभालने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। कई थानों की फोर्स मौके पर तैनात की गई।

कहां-कहां हुआ बवाल?
मजदूरों का ये उग्र प्रदर्शन नोएडा फेज-2, सेक्टर-62 और आसपास के औद्योगिक क्लस्टर सहित फैल गया। देखते ही देखते पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जहां मजदूर और पुलिस आमने-सामने नजर आए।
यह भी पढ़ें: नोएडा में कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन : सैलरी बढ़ाने की मांग पर बवाल, गाड़ियों में लगाई आग

मजदूरों का दर्द- आखिर क्या है असली वजह?
इस पूरे आंदोलन की जड़ में सिर्फ एक मुद्दा नहीं, बल्कि कई परतें हैं।
- कम सैलरी का संकट- मजदूरों का कहना है कि उन्हें हर महीने करीब 10 से 13 हजार रुपये मिलते हैं। इतनी कम आय में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
- ओवरटाइम का पैसा नहीं- कई कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनसे अतिरिक्त काम तो कराया जाता है, लेकिन उसका भुगतान नहीं होता।
- सम्मान और सुरक्षा की मांग- महिला कर्मचारियों के साथ व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए गए। मजदूरों ने सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल की मांग की।
- बेसिक सुविधाओं की कमी- खाने की गुणवत्ता और काम के घंटे को लेकर भी असंतोष सामने आया।

मजदूरों की प्रमुख मांगें
- न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी
- हरियाणा की तर्ज पर 30-35% वेतन वृद्धि
- ओवरटाइम का डबल भुगतान
- बोनस की व्यवस्था
- समय पर सैलरी
- साप्ताहिक अवकाश
- छंटनी पर मुआवजा
- बेहतर भोजन और कार्यस्थल की सुविधाएं
प्रशासन का एक्शन मोड ऑन
हालात बिगड़ते देख प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। मजदूरों की कई मांगों को मान लिया गया, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान तय किया गया, समय पर सैलरी देने का आश्वासन दिया, सुरक्षा की गारंटी समस्याओं के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया साथ ही हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए।
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में बड़ा गड़बड़झाला! पेट्रोल की जगह गाड़ियों में भर दिया पानी, कई वाहन खराब

CM योगी आदित्यनाथ का हस्तक्षेप
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। 24 घंटे के भीतर समाधान के निर्देश मजदूरों को सम्मानजनक वेतन सुनिश्चित करने को कहा इसके अलावा भड़काऊ गतिविधियों पर नजर रखने के आदेश दिए है। यानि यह साफ संकेत था कि सरकार इस मामले को हल्के में नहीं ले रही।
अधिकारियों की अपील: अफवाहों से बचें
प्रशासन ने लोगों से साफ कहा है कि सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके अलावा कंपनियों को पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए है।
फिलहाल अभी हालात स्थिर है। भारी पुलिस बल तैनात है स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में है और प्रशासन और मजदूरों के बीच बातचीत जारी है।











