Indore Airport : जनवरी के मुकाबले मई में 38 हजार कम यात्री, छुट्टियों के बावजूद नहीं हुए 4 लाख यात्री

इंदौर। मई 2026 में अप्रैल 2026 के मुकाबले 13 हजार से ज्यादा हवाई यात्री बढ़ने को राहत माना जा रहा है, लेकिन आंकड़ों का दूसरा पक्ष इंदौर एयरपोर्ट की सुस्त रफ्तार को उजागर करता है। गर्मी की छुट्टियों के पीक सीजन के बावजूद मई में यात्री संख्या जनवरी के मुकाबले करीब 38 हजार कम रही। इतना ही नहीं, उड़ानों की संख्या में भी पांच महीने में 274 की कमी दर्ज की गई है।
जनवरी में गए थे 3 लाख 97 हजार यात्री
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार जनवरी 2026 में इंदौर एयरपोर्ट से 3 लाख 97 हजार 98 यात्रियों ने सफर किया था, जबकि मई में यह संख्या घटकर 3 लाख 59 हजार 185 रह गई। यानी पांच महीने में 37 हजार 913 यात्रियों की कमी आई है। इसी अवधि में उड़ानों की संख्या 2,882 से घटकर 2,608 रह गई।
पिछले महीने की तुलना में उड़ाने 1.5 प्रतिशत बढ़ीं
वहीं अप्रैल 2026 में कुल 2,569 उड़ानों से 3 लाख 46 हजार 8 यात्रियों ने सफर किया था। यानी मई में अप्रैल की तुलना में 39 उड़ानें और 13 हजार 177 यात्री बढ़े हैं। प्रतिशत के हिसाब से देखें तो मई में उड़ानों में करीब 1.5 प्रतिशत और यात्रियों में करीब 3.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि आमतौर पर मई का महीना हवाई यात्रा के लिहाज से सबसे व्यस्त महीनों में शामिल होता है। स्कूल-कॉलेजों की छुट्टियां होने के कारण पर्यटन और पारिवारिक यात्राएं बढ़ती हैं। इसके बावजूद इंदौर एयरपोर्ट 4 लाख यात्रियों का आंकड़ा नहीं छू सका, जबकि पिछले वर्षों में पर्यटन और त्योहारों के सीजन में यह स्तर पार हो चुका है।
ये भी पढ़ें: उमरिया: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटकों के सामने आक्रामक हुई बाघिन 'रॉ', वीडियो वायरल
कई रूट बंद होने से घटा ट्रैफिक
समर शेड्यूल में नासिक, उदयपुर, भुवनेश्वर और जम्मू जैसे शहरों की उड़ानें बंद होने से यात्री संख्या प्रभावित हुई है। वहीं इंदौर से शारजाह की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी फरवरी के अंत से बंद है। इसके कारण अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अन्य शहरों के जरिए यात्रा करनी पड़ रही है।
बढ़ा हुआ किराया भी है वजह
ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया के अनुसार विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण हवाई किराए बढ़े हैं। कई मार्गों पर क्षमता घटने से यात्रियों को महंगे टिकट खरीदने पड़ रहे हैं, जिसका असर मांग पर भी पड़ा है।
जून में और गिर सकते हैं आंकड़े
विशेषज्ञों का कहना है कि जून में गर्मी की छुट्टियां समाप्त होने और मानसून की शुरुआत के साथ पर्यटन गतिविधियां कम हो जाएंगी। इसके अलावा एअर इंडिया द्वारा दिल्ली की चार उड़ानें बंद किए जाने से अगले महीने यात्री संख्या और उड़ानों में फिर गिरावट देखने को मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: राजा रघुवंशी हत्याकांड : भाई विपिन ने उठाई सीबीआई जांच की मांग, हाईकोर्ट में सोनम पर फैसला नहीं होने पर नाराजगी
पांच महीनों का ट्रेंड
- माह यात्री उड़ानें
- जनवरी 3,97,098 2,882
- फरवरी 3,71,437 2,642
- मार्च 3,82,343 2,815
- अप्रैल 3,46,008 2,569
- मई 3,59,185 2,608
(आंकडे एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक)












