3 बच्चों वाली प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, घरवालों ने पकड़ा! 30 घंटे रखा कैद, छुड़ाने आई पुलिस को भी पीटा

रात के अंधेरे में प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक शायद ही सोच रहा होगा कि अगली सुबह कहानी इतनी उलझ जाएगी। कानपुर में एक युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा, लेकिन महिला के परिवार वालों ने दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को घर ले जाकर करीब 30 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। मामला तब और गंभीर हो गया, जब उसे छुड़ाने पहुंची पुलिस से भी कथित तौर पर मारपीट की गई।
प्रेमिका से मिलने फतेहपुर से कानपुर आया था युवक
मामला कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली सुनीता की शादी इंद्रेश से हुई है और उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, पिछले करीब एक साल से सुनीता का फतेहपुर निवासी अरुण से संबंध था। आरोप है कि रविवार रात सुनीता ने अरुण को गांव के बाहर मिलने के लिए बुलाया था। अरुण फतेहपुर से वहां पहुंचा और सुनीता भी उससे मिलने घर से बाहर आई।
पीछा करते हुए मौके पर पहुंचा परिवार
शक होने पर इंद्रेश अपने परिवार के लोगों के साथ सुनीता का पीछा करते हुए मौके पर पहुंच गया। वहां उन्होंने अरुण को पकड़ लिया। इसके बाद अरुण को साढ़ थाना क्षेत्र के छांजा गांव स्थित घर ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर के अंदर बंधक बना लिया गया।
प्रेमिका निकली, पिता को बताई पूरी बात
अरुण के पकड़े जाने के बाद सुनीता किसी तरह वहां से निकल गई। उसने अरुण के पिता को पूरी जानकारी दी। जब अरुण के पिता को पता चला कि उनके बेटे को कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया है, तो वह सुनीता को साथ लेकर साढ़ थाने पहुंचे और पुलिस से बेटे को छुड़ाने की गुहार लगाई। उन्होंने पुलिस को बताया कि अरुण को 30 घंटे से ज्यादा समय से घर में रोका गया है।
बेटे को छुड़ाने पहुंची पुलिस, दरोगा से भिड़े परिजन
शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची। दारोगा आशीष सिंह पुलिसकर्मियों और अरुण के पिता के साथ वहां पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, युवक के परिजनों ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि दारोगा आशीष सिंह के साथ मारपीट की गई और उनकी वर्दी पर लगे बिल्ले तक नोच दिए गए।
ये भी पढ़ें: चांपा थाने में युवक की मौत से मचा हड़कंप,परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
अतिरिक्त फोर्स बुलाकर युवक को कराया मुक्त
स्थिति बिगड़ने की सूचना के बाद थाने से अतिरिक्त पुलिस बल गांव भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने अरुण को वहां से मुक्त कराया और थाने ले आई। पुलिस अब युवक को कथित तौर पर करीब 30 घंटे तक बंधक बनाए रखने के आरोप की भी जांच कर रही है।
पति और परिजनों पर दो केस
पुलिस ने इस मामले में सुनीता के पति इंद्रेश और उसके परिजनों के खिलाफ दो अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। एक मामला युवक को कथित तौर पर बंधक बनाने से जुड़ा है, जबकि दूसरा पुलिस टीम के साथ कथित मारपीट और अभद्रता को लेकर दर्ज किया गया है। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि युवक को कितनी देर तक घर में रोका गया था और वहां उसके साथ वास्तव में क्या हुआ।




















