सीधी के शैलेंद्र सिंह और भोपाल की अर्चना शुक्ला को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, देशभर से 48 शिक्षकों का चयन

नई दिल्ली। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए देशभर से 48 शिक्षकों का चयन किया गया है। शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से शुक्रवार को सूची चयनित शिक्षकों की सूची जारी की गयी है। राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए मप्र के दो शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें भोपाल के सांदीपनि स्कूल महात्मा गांधी की डॉ. अर्चना शुक्ला और सीधी के कंजवार पूर्व माध्यमिक शाला के शिक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह शामिल हैं।
शैलेंद्र प्रताप सिंह : 11 से 202 तक पहुंची बच्चों की संख्या
22 अक्टूबर 2011 को शासकीय प्राथमिक शाला अगरियान टोला कंजवार में शिक्षक के रूप में पदभार संभालने वाले शैलेंद्र सिंह के सामने विद्यालय की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। उस समय स्कूल में सिर्फ 11 बच्चे दर्ज थे, जिनमें नियमित रूप से केवल तीन विद्यार्थी आते थे। उन्होंने शिक्षा के प्रति बच्चों का रुझान बढ़ाने के साथ विद्यालय के विकास को भी प्राथमिकता दी। उनके प्रयासों से जर्जर भवन का जीर्णोद्धार हुआ और धीरे-धीरे स्कूल की तस्वीर बदलने लगी। निरंतर मेहनत का परिणाम रहा कि विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 202 तक पहुंच गई। शैलेंद्र सिंह अपने पिता को भी शिक्षक के रूप में प्रेरणास्रोत मानते हैं।
डॉ. अर्चना शुक्ला का राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन
भोपाल स्थित सांदीपनि विद्यालय महात्मा गांधी की उच्च माध्यमिक शिक्षिका डॉ. अर्चना शुक्ला का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है। वे विद्यालय में उच्च माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को शिक्षण प्रदान कर रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और समर्पण को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान के लिए उनका चयन राजधानी भोपाल के शिक्षा जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। डॉ. शुक्ला के चयन से विद्यालय परिवार और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी उत्साह का माहौल है।
कई राज्यों के शिक्षकों को सूची में मिली जगह
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए जारी सूची में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के शिक्षकों को शामिल किया गया है। अंडमान एवं निकोबार से जे. प्रकाश राव, आंध्र प्रदेश से राजेश कौलुरी, अरुणाचल प्रदेश से याकू तामे, असम से राजेश बोरदोलोई, बिहार से खुशबू कुमारी और पुष्पा प्रसाद तथा छत्तीसगढ़ से सुनीता यादव का चयन हुआ है। दिल्ली की सुमन गोयल समेत गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक और केरल के शिक्षकों को भी सम्मान के लिए चुना गया है।
उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों से भी शिक्षक चयनित
सूची में केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति और रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित स्कूलों के शिक्षक भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश से डॉ. रेनू त्रिपाठी, डॉ. इफ्तिखार खान और शालिनी कुशवाहा सहित तीन शिक्षकों का चयन किया गया है। उत्तराखंड से गबर सिंह तथा पश्चिम बंगाल से पलाश चौधरी और शांतनु पात्र को पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, पंजाब और राजस्थान समेत अन्य राज्यों के शिक्षकों को भी सूची में स्थान मिला है।





















