PM मोदी ने गले लगकर किया रूस के राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत... मोदी ने भेंट की किताब, दोनों की मुलाकात में दिखी गर्मजोशी

भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक खत्म हो गई है। दोनों नेताओं के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में व्यापार, रक्षा और ऊर्जा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा दोनों नेताओं ने कई वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत की।
पीएम मोदी ने पुतिन को दी किताब
मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन को तिरुक्कुरल किताब का रूसी अनुवाद भेंट किया। दोनों नेताओं के बीच इस मुलाकात को खास माना जा रहा है।
इन मुद्दों पर होगी बातचीत
पीएम मोदी और पुतिन के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हो रही है। इनमें व्यापार, परमाणु ऊर्जा, रक्षा, आर्थिक सहयोग, परिवहन और कारोबार बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल हैं। दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
रूस-यूक्रेन और ईरान-यूएस युद्ध पर भी चर्चा संभव
मोदी और पुतिन की यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब दुनिया में रूस-यूक्रेन और ईरान-यूएस के बीच युद्ध चल रहे हैं। माना जा रहा है कि दोनों नेता इन युद्धों की मौजूदा स्थिति पर भी बात कर सकते हैं। इसके अलावा दुनिया में बदल रहे रणनीतिक समीकरणों को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा होने की संभावना है। पुतिन के एजेंडे में भारत को Su-57 लड़ाकू विमान देने का मुद्दा भी शामिल है.




















