Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लखनऊ में 15 अगस्त के दिन दर्दनाक हादसा, सुल्तानपुर हाईवे पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक समेत 4 मजदूरों की मौत

सुल्तानपुर हाईवे पर शनिवार तड़के ईंटों से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकराने के बाद पलट गई। ट्रॉली के नीचे दबने से चालक समेत चार मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस, दमकल और NHAI टीम ने क्रेन की मदद से रेस्क्यू किया। हादसे के बाद ओवरलोडिंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
लखनऊ में 15 अगस्त के दिन दर्दनाक हादसा, सुल्तानपुर हाईवे पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक समेत 4 मजदूरों की मौत
सुल्तानपुर हाईवे पर शनिवार तड़के ईंटों से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकराने के बाद पलट गई।

सुल्तानपुर हाईवे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की जान चली गई। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के गंगागंज के पास ईंटों से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक बेकाबू हो गई। सड़क किनारे लगे स्टील क्रैश बैरियर से टकराने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत चार मजदूर उसके नीचे दब गए और जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

सुबह-सुबह हुआ दर्दनाक हादसा

पुलिस के मुताबिक हादसा शनिवार सुबह करीब पौने 5 बजे गंगागंज के पास सुल्तानपुर हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंट-भट्ठे से ईंट लेकर जा रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईवे के किनारे लगे स्टील क्रैश बैरियर से जा टकराई और पलट गई। ट्रॉली पर बैठे मजदूर संभल पाते, उससे पहले ही वे उसके नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास हड़कंप मच गया। गोसाईगंज पुलिस के साथ दमकल विभाग और एनएचएआई की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची।

ये भी पढ़ें: खाटूश्याम दर्शन से पहले हादसा! एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई कार, 4 की मौत, 5 घायल

क्रेन की मदद से निकाले गए मजदूर

हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाना आसान नहीं था। राहत और बचाव टीम ने क्रेन की मदद से ट्रॉली को उठाया और उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी गोसाईगंज पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक मजदूर की हालत बेहद गंभीर थी। उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

चार मृतकों की हुई पहचान

पुलिस जांच में मृतकों की पहचान संदीप रावत (25), पीतांबर रावत (35), पवन रावत (25) और बलराम रावत के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक पीतांबर रावत बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के अचकाकामऊ गांव में देशराज के RBF ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक के तौर पर काम करता था। वहीं बाकी तीन लोग मजदूरी का काम करते थे। हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिवारों तक पहुंची, घरों में मातम छा गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें: 7.7 के झटके से हिला इंडोनेशिया! दो मौतें, सुनामी अलर्ट ने बढ़ाई लोगों की चिंता

ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर वाहन में कितनी ईंटें लदी थीं और क्या ओवरलोडिंग की वजह से वाहन का संतुलन बिगड़ा, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts