चंद मिनटों में करोड़ों का खेल! जयपुर के Rado शोरूम में घुसे बदमाश, बोरियों में भर ले गए महंगी घड़ियां

जयपुर के टोंक रोड पर लग्जरी घड़ियों के शोरूम में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। ग्लास फैक्ट्री के पास स्थित Rado शोरूम में गुरुवार सुबह करीब 4 बजे 5 से 7 बदमाश घुस गए। लोहे की रॉड से शटर उचकाकर अंदर दाखिल हुए बदमाश कुछ ही मिनटों में महंगी घड़ियां बोरियों में भरकर फरार हो गए।
शटर उचकाया और सीधे घड़ियों पर टूट पड़े
पुलिस के मुताबिक, बदमाश पूरी तैयारी के साथ शोरूम पहुंचे थे। उन्होंने लोहे की रॉड की मदद से शटर को नीचे से उठाया और अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने शोरूम में रखे डिस्प्ले रैक, शो-केस और काउंटर को निशाना बनाया। बदमाशों ने एक-एक कर महंगी घड़ियां निकालीं और उन्हें बोरियों में भर लिया। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई। चोरी के बाद बदमाश मौके पर लोहे की रॉड भी छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
करोड़ों की घड़ियां चोरी होने का अनुमान
सुबह जब शोरूम का शटर टूटा मिला, तब चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल शोरूम संचालक स्टॉक का मिलान कर रहे हैं। इसी के बाद पता चलेगा कि कितनी घड़ियां चोरी हुई हैं और कुल नुकसान कितना हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चोरी गई घड़ियों की कीमत करोड़ों रुपये में होने का अनुमान है।
CCTV खंगाल रही पुलिस
एडिशनल डीसीपी ईस्ट पारसमल जैन के मुताबिक, पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है। सिर्फ शोरूम के कैमरे ही नहीं, बल्कि आसपास के दुकानों, टोंक रोड के ट्रैफिक सिग्नल और दूसरे प्रतिष्ठानों के CCTV फुटेज भी जांचे जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बदमाश किस वाहन से आए थे और वारदात के बाद किस रास्ते से भागे।
ये भी पढ़ें: इंदौर में आज AICTSL से मिलेंगी अहमदाबाद-जयपुर-उदयपुर-नागपुर तक बस:20 से ज्यादा शहर जुड़ेंगे
अंतरराज्यीय गिरोह पर भी नजर
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश के मुताबिक, वारदात के बाद जयपुर शहर के प्रमुख नाकों पर अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस बदमाशों के आने और भागने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है। वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया, उसे देखते हुए पुलिस को किसी पेशेवर गिरोह की भूमिका की आशंका है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या बदमाशों ने चोरी से पहले शोरूम और आसपास के इलाके की रेकी की थी।
व्यापारियों में नाराजगी
टोंक रोड जयपुर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल है। ऐसे इलाके में एक इंटरनेशनल ब्रांड के शोरूम में चोरी होने से व्यापारियों में नाराजगी है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और दूसरे तकनीकी सबूतों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। स्टॉक का पूरा मिलान होने के बाद ही चोरी गई घड़ियों की सही संख्या और नुकसान का आंकड़ा सामने आएगा।




















